विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटी को अपने पास बुलाने की चाहत में पड़ोसी महिला ने ही दी थी तीन वर्षीय बच्ची की बलि... यूं हुआ मामले का राजफाश

By Vipin Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Nov 2026 06:15 PM (IST)

बुलंदशहर में एक महिला ने अपनी बेटी को वापस पाने की चाहत में पड़ोसी की तीन वर्षीय बच्ची मान्या की तंत्र-मंत्र के बहाने मुंह-नाक दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी सोनम को गिरफ्तार कर लिया, जिसने बच्ची के शव को अपने कमरे में गद्दे के नीचे छिपाया था।

घटना स्थल पर जांच करते एसएसपी। सौ. पुलिस

घटना स्थल पर जांच करते एसएसपी। सौ. पुलिस

HighLights

  1. मायके पक्ष के लोगों ने आरोपित महिला की आठ वर्षीय बेटी को पति को किया था सिपुर्द

  2. आरोपित महिला ने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंस और नाक दबाकर उतारा था मौत के घाट

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। महिला ने अपनी आठ वर्षीय पुत्री बुलबुल को पाने की चाहत में पड़ोसी तीन वर्षीय बच्ची की तंत्र क्रिया कर मुंह-नाक दबाकर हत्या कर दी। आरोपित महिला के मायके पक्ष के लोगों ने लगभग 10 दिन पहले उसकी पुत्री को उसके पति के सिपुर्द कर दिया था। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय और सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने संयुक्त रूप से बताया कि स्थानीय अवंती नगर भूड़ से शनिवार की सुबह आटो चालक सचिन कुमार की तीन वर्षीय बच्ची मान्या खेलते हुए अचानक लापता हो गई। बच्ची का आसपास और रिश्तेदारी में पता न चलने पर स्वजन से मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद थाना कोतवाली नगर के अलावा स्वाट एवं कोतवाली देहात सहित सात थानों की पुलिस टीम को बच्ची की तलाश में लगाया। पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालीं, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं मिला।

एक कैमरे की फुटेज से पता चला कि बच्ची पड़ोसी टेलर मास्टर रोहताश के मकान में किराये पर रहने वाली महिला के कमरे तक दिखाई दी, लेकिन महिला के कमरे का ताला लगा था। काफी समय तक महिला के न आने पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर तलाशी शुरू की तो बच्ची का शव फर्श पर गद्दे के नीचे दबा मिला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित महिला सोनम थाना सलेमपुर क्षेत्र के गांव धतूरी की रहने वाली है। उसकी दिनेश कुमार महेंद्र सिंह निवासी गांव मयाना थाना जेवर गौतमबुद्धनगर के साथ शादी हुई थी।

शादी के लगभग दो साल बाद दोनों का पारिवारिक विवाद होने पर अलग-अलग रहने लगे। सोमन अपनी पुत्री बुलबुल के साथ यहां किराये के कमरे में रह रही थी और नशा करती थी। मायके पक्ष के लोग भी उससे बहुत कम रिश्ता रखते थे। सोनम लगभग दस दिन पहले अपने मायके गांव धतूरी गई थी, जहां उसने नशे में अपनी पुत्री बुलबुल को छत की सीढ़ियों से नीचे गिरा दिया था। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने बुलबुल को उसके पिता दिनेश के सिपुर्द कर दिया। महिला अपनी पुत्री को वापस लाना चाहती थी।

सोनम ने अपनी पुत्री को पाने की चाहत में पड़ोसी तीन वर्षीय मान्या को अपने कमरे पर बुलाकर तंत्र-मंत्र कर बच्ची की मुंह में कपड़ा ठूंसकर और नाक दबाकर हत्या कर दी। पुलिस की गतिविधियों को देखकर वह कमरे का ताला लगाकर चली गई, जिसे वलीपुरा नहर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित महिला को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।