बुलंदशहर: बाजारों में ई-रिक्शा व चार पहिया वाहनों के संचालन पर रोक, मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था; ये है पूरा रूट प्लान
Bulandshahr News: बुलंदशहर पुलिस ने धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के लिए विशेष यातायात योजना बनाई है। इसके तहत शहर ...और पढ़ें

अंसारी रोड बाजार पर बीच सड़क पर लगे वाहनों को हटवाते चौकी ईचार्ज। जागरण
HighLights
धनतेरस, दीपावली, भैया दूज के लिए विशेष यातायात योजना।
बाजार आने वालों के लिए बनाए गए निश्शुल्क पार्किंग स्थल।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात के लिए विशेष प्लान तैयार किया है। खरीदारी करने आने वाले लोगों की सुविधा और जाम मुक्त व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच नवंबर से अग्रिम आदेश तक अंसारी चौराहा से अंबर सिनेमा होते हुए डिप्टीगंज चौकी एवं हनुमान चौक तक ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सीओ ट्रैफिक शोभित कुमार ने बताया कि त्योहारों पर सामान की खरीदारी करने बाजार जाने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो इसके लिए यातायात डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। डिप्टीगंज की ओर से अंसारी चौक बाजार जाने वाले ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों को कालाआम चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अंसारी चौक से अंबर सिनेमा होते हुए डिप्टीगंज जाने वाले सभी वाहनों को सरकारी अस्पताल के सामने वाले मार्ग से चलाया जाएगा।
अंसारी चौक बाजार से हनुमान चौक वाले मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा। अंसारी चौहारे से डिप्टीगंज के बीच दुकानों के सामने अतिक्रमण और अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया जाएगा। पांच नवंबर को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक थाने से दो-दो और यातायात से दो-दो कर्मी अंसारी चौराहे, हनुमान चौक, डिप्टीगंज चौक और बूरा बाजार पर बैरियर ड्यूटी में तैनात रहेंगे।
जिन लोगों के घर इस मार्ग पर हैं, उन्हें प्रपत्र दिखाने पर ही चार पहिया वाहन ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा सिकंदराबाद, खुर्जा नगर, स्याना और गुलावठी में भी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाजारों, चौराहों और तिराहों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग न होने दें। दनकौर तिराहा, परशुराम तिराहा, रायचंदी गेट मार्केट, जेवर अड्डा, सिकंदराबाद मार्ग तिराहा और धौलाना अड्डा पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर यातायात सुगम रखा जाएगा।
तीन निश्शुल्क पार्किंग स्थल बनाए
सामान की खरीदारी को बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए तीन निश्शुल्क वाहन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें जिला अस्पताल रोड स्थित पुरानी जेल परिसर, मोती बाग दमकल विभाग कार्यालय के पास और जिला अस्पताल के सामने पुरानी कोतवाली परिसर पार्किंग स्थल बनाया गया है। जो पूरी तरह से निश्शुल्क रहेंगे और तीनों जगह पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
असुविधा होने पर इनसे बात करें
लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए तीन नंबर जारी किए है। शहर कोतवाल- 09454403163, यातायात निरीक्षक - 09412348613 और सीओ ट्रैफिक - 09911353655 जारी किए हैं।
इन्होंने कहा
दुकानों के बाहर सही ने सामान सजाया है। इससे रास्ता संकरा हो गया है। इसलिए ग्राहक के पास अधिक सामान होने पर दुकान से कर्मचारी को भेजकर गाड़ी तक पहुंचाने की व्यवस्था कुछ दुकानदारों ने की है। इसके बदले कोई शुल्क भी नहीं रखा है। -पंकज शर्मा, अध्यक्ष व्यापारी सुरक्षा फोरम, मालवीय मार्ग।
धनतेरस से लेकर भाईदूज तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रहती है। व्यापारी जाम मुक्त व्यापार करने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं। संगठन के सभी सदस्यों व्यापारियों से भी जाम मुक्त सड़कें बनाने के लिए अपील की है। -मोहित अरोरा, व्यापारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।