विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला की गोद से गिरा 3 साल का मासूम, ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से मौत

Published: Wed, 21 Oct 2026 12:52 PM (IST)

बुलंदशहर में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपती और उनके तीन वर्षीय बेटे को टक्कर मार दी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. बुलंदशहर में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मारी।

  2. हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर मौत।

  3. मां गंभीर रूप से घायल, चालक वाहन छोड़कर फरार।

संवाद सूत्र, बुलंदशहर। ससुराल जा रहे बाइक सवार दंपती व तीन वर्षीय पुत्र को अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इससे मां की गोद से मासूम बच्चा गिर गया और ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मां भी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल मां काे अलीगढ़ मेडिकल में भर्ती कराया गया है।

मंगलवार दोपहर एक बजे जनपद अलीगढ़ के थाना अतरौली क्षेत्र के गांव नगला हर्जी निवासी अनिल कुमार, 28 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी व तीन वर्षीय पुत्र मयंक कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर डिबाई कोतवाली क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल गांव करनसिंहपुर जा रहा था।

उसी दौरान सतोह-रनसिंहपुर मार्ग पर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे मां की गोद से मासूम मयंक नीचे गिर गया। ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिये की चपेट में मयंक आ गया, जहां उसकी मौके पर मौत हो गई।

वहीं बाइक से नीचे गिरने से सावित्री देवी के सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में सावित्री देवी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ मेडिकल रेफर कर दिया।

मेडिकल में उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। स्वजन ने कोई भी तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कृष्ण सर्किट: अलीगढ़-मुरादाबाद एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेंगे मथुरा, बुलंदशहर व हस्तिनापुर, श्रद्धालुओं की राह होगी आसान