बुलंदशहर में वीडियो कॉल पर बात करते हुए प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को गोली मारकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
बुलंदशहर में ठेकेदार और प्रॉपर्टी डीलर कपिल बालियान ने वीडियो कॉल पर बात करते हुए खुद को अवैध देशी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ठेकेदार कपिल बालियान ने वीडियो कॉल पर की आत्महत्या।
अवैध देशी पिस्टल से खुद को गोली मारी।
प्रेम-प्रसंग या पारिवारिक कलह की आशंका, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण में ठेकेदार और प्रॉपर्टी डीलर ने रविवार की रात फ्लैट में खुद को अवैध देशी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़कर शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल स्थित मर्चरी भेजा। बताया जाता है कि ठेकेदार ने मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल करते हुए खुद को गोली मारी है। पुलिस जांच कर रही है कि ठेकेदार किससे मोबाइल पर वीडियो काल कर रहा था।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव भौपुर निवासी 38 वर्षीय कपिल बालियान पुत्र मनवीर चौधरी कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित जीवनगीत कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रहकर बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण में ठेकेदारी और प्रापर्टी खरीदने एवं बेचने का काम करते थे।
परिवार में पत्नी रंजना और दो बेटियां हैं। तीन दिन पहले ही उनकी पत्नी और दोनों बेटियां गांव गई हुई थीं, जिसके चलते कपिल फ्लैट में अकेले थे। रविवार रात लगभग साढ़े 12 बजे कपिल अपने मोबाइल पर किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे।
उसी दौरान उन्होंने देशी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कपिल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और मोबाइल आदि सामान बरामद किया है।
प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार कपिल के रिश्तेदार का नगर में होटल है। चर्चा है कि इसी होटल में काम करने वाली युवती से उसकी बातचीत होती थी। युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। हालांकि रिश्तेदार राजकुमार ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किया जाना बताया है।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जांच में ठेकेदार द्वारा अवैध पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। ठेकेदार किससे बात कर रहा था, इसकी कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।