बुलंदशहर: जिला 7 जोन और 27 सेक्टर में बांटा; दीपावली, गोवर्धन और भैयादूज के मद्देनजर सोशल मीडिया पर भी निगरानी
Bulandshahr News: बुलंदशहर पुलिस ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती।
भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जिले को सात जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। जोन की जिम्मेदारी सीओ और एसडीएम को दी गई है, जबकि सेक्टर की कमान थाना एवं कोतवाली प्रभारियों के हाथों में रहेगी।
पुलिस के साथ पीएसी और पीआरडी के जवानों की भी तैनाती की गई है। प्रमुख बाजारों, सर्राफा बाजारों, पटाखा बाजारों, धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़भाड़ वाली जगह एवं चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। यूपी-112 की पीआरवी और थाना मोबाइल लगातार भ्रमणशील रहेंगी।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने आमजन से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने व्यापारियों से कहा है कि किसी भी छोटी से छोटी संदिग्ध घटना या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यापारी या व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट फैलाने वाले शरारती और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पटाखा दुकानों पर अग्निशमन मानकों का पालन कराने के लिए भी कहा गया है। एसएसपी ने बताया कि माहौल खराब करने वालों को बख्सा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।