विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1 अक्टूबर से बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, NCR में लागू होगा नया नियम

Published: Wed, 30 Sep 2026 06:52 PM (IST)

एनसीआर क्षेत्र में 1 अक्टूबर से बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के वाहनों को पेट्रोल या डीजल नहीं मिलेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. 1 अक्टूबर से एनसीआर में बिना वैध PUC के ईंधन नहीं।

  2. पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक ऐप से होगी वाहनों की जांच।

  3. विवाद से बचने को पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा की मांग।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए एक अक्टूबर से नया नियम लागू हो गया है। बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के वाहनों को पेट्रोल या डीजल नहीं मिलेगा।

जिले के सभी पेट्रोल पंप पर इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा के लिए डीएसओ ने एसएसपी से मांग की है।

जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के लिए सभी पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन में आटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान कैमरा ऐप इंस्टॉल कराया गया है। जब कोई वाहन पेट्रोल-डीजल भरवाने पंप पर पहुंचेगा, कर्मचारी ऐप के जरिए वाहन की नंबर प्लेट की फोटो खींचेगा।

फोटो अपलोड होते ही वाहन का पूरा डेटाबेस सामने आ जाएगा। यदि वाहन का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र वैध नहीं मिला या उसकी मियाद समाप्त हो चुकी होगी, तो पेट्रोल पंप कर्मी तुरंत पेट्रोल-डीजल देने से मना कर देगा। डीएसओ ने बताया कि नियम लागू होने के बाद पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों और कर्मचारियों के बीच ग्राहक बहस करेंगे।

पर्यावरण संरक्षण के तहत यह जरूरी कदम

इससे विवाद भी होने की संभावना रहेगी। इसलिए वह एसएसपी से मिलें हैं और पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा के लिए व्यवस्था की मांग की है। डीएसओ ने बताया कि उन्होंने संवेदनशील और व्यस्त पंपों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और आवश्यकतानुसार सुरक्षा कर्मी तैनात करने का अनुरोध किया है, जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।

पर्यावरण संरक्षण के तहत यह कदम बेहद जरूरी है। उन्होंने जिले के सभी वाहन स्वामियों से मांग की है कि वाहनों की जांच कराकर वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र बनवा लें, ताकि ईंधन लेते समय किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 196 पेट्रोल पंप हैं, जिसमें आइओसी के 75, बीपीसी के 38, एचपीसी के 49, नायरा के 27 और रिलायंस के 07 पंप शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- चारपाई से लेकर घर के पूरे सामान के साथ चल रहे 308 पहियों वाले 'महाट्रक' के कर्मचारी, हर दिन बन रहा 30 लोगों का खाना