LPG सिलेंडर लेने एजेंसी जा रहे दंपती की बाइक को कैंटर वाहन ने टक्कर मारी, गर्भवती महिला की मौत
Bulandshahr News : बुलंदशहर में डीएवी फ्लाईओवर पर गैस एजेंसी जा रहे दंपती की बाइक को कैंटर ने टक्कर मार ...और पढ़ें

फराह का फाइल फोटो।
HighLights
बुलंदशहर में डीएवी फ्लाईओवर पर हुआ हादसा।
सिलेंडर लेने के बाद कराना था अल्ट्रासाउंड।
जागरण संवाददाता बुलंदशहर। सिलेंडर लेने गैस एजेंसी जा रहे दंपती की बाइक को डीएवी फ्लाईओवर पर कैंटर ने टक्कर मार दी। इसमें महिला की कैंटर वाहन के पिछले पहिये से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर वहां से हटाकर जाम को खुलवाया और शव पोस्टमार्टम को मर्चरी भेज दिया।
कोतवाली देहात की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी नई मंडी क्षेत्र के गांव सराय छबीला निवासी उम्रदराज तीन माह की गर्भवती 27 वर्षीय पत्नी फराह को लेकर गैंस एजेंसी से सिलेंडर लेने जा रहा था। रास्ते में डीएवी फ्लाईओवर पर पीछे से आए कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे महिला बाइक से नीचे गिर गई और कैंटर के पिछला पहिये से उसका सिर कुचल गया, जिससे फराह की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद फलाईओवर के दोनों और वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कैंटर को फ्लाईओवर से हटवा जाम को खुलवाया और शव पोस्टमार्टम को मर्चरी भेज दिया। थाने पर अभी तक किसी के भी द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। बाइक सवार पति ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि पत्नी ने हेलमेट नहीं लगाया था.
महिला को कराना था अल्ट्रासाउंड
उम्रदराज ने बताया कि फराह तीन माह की गर्भवती थी। शुक्रवार को उसे अल्ट्रासाउंड करना था। गांव से वह उसे लेकर सिलिंडर भरवाने और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आए थे। वह पहले एजेंसी से सिलिंडर लेने चले गए थे। सिलेंडर लेने के बाद पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराना था।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि कैंटर को कब्जे लिया गया है। महिला का शव पोस्टमार्टम को मर्चरी भेजा गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
