बुलंदशहर: बेटे की अस्थियां लेकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, 24 घंटे में दो मौतों से परिवार में कोहराम
Bulandshahr News: बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। बेटे की मृत्यु के 24 घंटे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो और इंसेट में अशोक का फाइल फोटो
HighLights
बेटे प्रशांत की मंगलवार को हृदय गति रुकने से मौत हुई।
तेज रफ्तार कार ने बुधवार को टक्कर मारी, पिता अशोक की मौत।
संवाद सूत्र, सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बेटे की मौत के गम में डूबे पिता की सड़क हादसे में जान चली गई।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे-34 पर बिलसूरी गांव के पास यह हादसा हुआ। 75 वर्षीय अशोक पुत्र सलेक चंद निवासी बिलसूरी अपने परिजनों के साथ श्मशान घाट से लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि अशोक के बेटे प्रशांत की मंगलवार को हृदय गति ररूकने से मौत हो गई थी, बुधवार सुबह वह उसकी अस्थियां लेकर परिवार के साथ गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साथ चल रहे अन्य परिजन बाल-बाल बच गए। स्वजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें लेकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही घर में 24 घंटे के अंदर दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया। मौत की सूचना पर घर में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
आरोपित कार चालक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में बिलसूरी चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी पेमेंट दिखाकर कार सवार फरार
ककोड़ : थाना क्षेत्र के गांव सुनपेड़ा निवासी सौरभ की दुकान से कार सवार लोगों ने 9600 रुपये का सप्लीमेंट खरीदा। इसके बाद कार सवारों ने उसके खाते में फर्जी पेमेंट दिखाकर उसका स्क्रीनशाट दिखाया और वहां से चले गए। जब सौरभ ने बैलेंस चेक किया, तो सच्चाई सामने आई कि रुपये उसके खाते में नहीं पहुंचे थे। थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
