बुलंदशहर में छोटे भाई को जेल भेजने के लिए बड़े भाई ने खुद को मारी गोली, Video Viral
बुलंदशहर में संपत्ति विवाद को लेकर एक बड़े भाई ने छोटे भाई को फंसाने के लिए खुद अपने पैर में गोली मार ली।
HighLights
बड़े भाई ने संपत्ति विवाद में खुद को गोली मारी।
छोटे भाई को फंसाने की कोशिश का वीडियो वायरल।
पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने में जुटी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे को फंसाने के लिए खुद अपने पैर में तमंचे से गोली मार ली। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि संजय से उसके बड़े भाई मिथुन सोलंकी का संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। मिथुन अपने परिवार के साथ नोएडा में रहता है। सोमवार शाम को मिथुन साथियों के साथ गांव आया और गाली-गलौज करने लगा।
साथ ही तमंचा हाथ में लेकर धमकी देने लगा। कुछ देर बाद उसने खुद ही बाएं पैर में गोली मार ली, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद मिथुन ने पुलिस को झूठी सूचना दी कि छोटे भाई ने पैर में गोली मार दी है।
स्वजन उसे अस्पताल ले गए। खुर्जा देहात थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और घायल मिथुन से पूछताछ की। कुछ देर बाद ही घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। सीओ ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
