प्रेमिका से शादी की जिद में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर 70 फीट ऊंचे टाॅवर पर चढ़ गया 'वीरू'
Bulandshahr News : बुलंदशहर में फिल्म शोले के एक सीन जैसा मामला देखने को मिला। एक युवक प्रेमिका से शादी ...और पढ़ें

बुलंदशहर में टावर पर चढ़ा युवक। जागरण
HighLights
युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर दी आग लगाने की धमकी।
युवती ने शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए दी तहरीर।
संवाद सूत्र, औरंगाबाद (बुलंदशहर)। जिले के गांव में एक युवक ने फिल्म शोले के वीरू की तरह हाईवोल्टेज ड्रामा किया। युवक प्रेमिका से शादी कराने की जिद करते हुए अपने ऊपर पेट्रोल डालकर 70 फीट ऊंचे मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया।

स्याना के ग्राम बरौली वासुदेव निवासी 26 वर्षीय अतुल कुमार राघव टैक्सी चालक है। उसकी औरंगाबाद क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी है। कुछ माह पहले शादी समारोह के दौरान अतुल की एमए की एक छात्रा से दोस्ती हो गई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम हो गया और उन्होंने कोर्ट मैरिज करने का प्रयास किया। इसी बीच युवती के परिवार को जानकारी हो गई तो उन्होंने रुकवा दिया। इस पर अतुल ने युवती के परिवार को आत्महत्या करने की धमकी दी।
मंगलवार सुबह 11:30 बजे अतुल युवती के गांव पहुंचा और केन से अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। उसने प्रेमिका के पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। इस पर युवती के परिवार ने डायल 112 पर काल कर पुलिस को बुला लिया। सीएचसी लखावटी से एंबुलेंस भी बुलवाई गई।
पुलिस ने युवक से नीचे आने का अनुरोध किया, लेकिन उसने युवती के पिता को फोन कर कहा कि जब तक युवती मौके पर नहीं आती, वह टावर से नहीं उतरेगा। युवक ने बार-बार आग लगाने की धमकी दी। एक घंटे बाद पुलिस ने युवती को मौके पर बुलाया और मोबाइल से युवक से बात कराई। इसके बाद युवक टाॅवर से नीचे उतरा।
यह भी पढ़ें- PHOTO: अंटी में पिस्टल, फाइव स्टार का शौक... बागपत की 'मिस्ट्री गर्ल' राखी कश्यप की हत्या, कॉल डिटेल से खुलेंगे राज!
पुलिस ने युवक से पेट्रोल की केन छीनकर उसे पकड़ लिया। युवती ने आरोपित युवक के खिलाफ शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर अतुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
