विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा पुल से मस्तराम घाट तक करीब 7 KM में लगेगा लक्खी मेला, ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहुंच रहे लोग

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:49 PM (IST)

बुलंदशहर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसे प्रांतीय मेला घोषित किया गया है।

मेला स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारी और अफसर। (तस्वीर- जागरण)

मेला स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारी और अफसर। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले को प्रांतीय मेला घोषित किया गया।

  2. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान।

  3. अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा और निगरानी कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। जनपद के सबसे अधिक भीड़ वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को भव्य बनाने के लिए नगर पालिका ने बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारी सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले लक्खी मेले को प्रदेश सरकार ने प्रांतीय मेला घोषित किया है, जिससे आर्थिक तंगी की समस्या नहीं है। बुलंदशहर के अलावा आसपास के कई जनपदों और पड़ोसी प्रांतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अनूपशहर पहुंचते हैं।

श्रद्धालु गंगा तट पर डेरा डालकर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा कर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और सुरक्षित गंगा स्नान के संबंध में निर्देश दिए। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

गंगा पुल से मस्तराम घाट तक करीब सात किलोमीटर क्षेत्र में मेला आयोजित किया जाएगा। भैंसा-बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए गंगा पुल के निकट गंगा की रेती में जगह तय की गई है। परशुराम घाट, त्रिवेणी घाट, शिव स्वरूप घाट और मस्तराम घाट पर मुख्य स्नान व्यवस्था रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। नगर पालिका मेला क्षेत्र में प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था कर रही है। घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।

स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी और घाटों के आसपास एंबुलेंस मुस्तैद रहेंगी, ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। मेला मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम डॉ. मनीष कुमार और सीओ शशांक श्रीवास्तव ने मंगलवार को भी निरीक्षण किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।