सिर्फ अंशदान और सहमति पत्र देकर लगवा सकते हैं Rooftop solar panels... पक्की छत व कनेक्शन होना जरूरी
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत बुलंदशहर में रूफटॉप सोलर पैनल लगवाना अब आसान हो गया है। उपभोक्ता केवल सहमति पत्र और अंशदान देकर बिजली बिल में बचत का लाभ उठा सकते हैं, बाकी प्रक्रिया अधिकारी पूरी करेंगे।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पीएम सूर्यघर योजना से कम लागत में सोलर पैनल लगवाएं।
केवल सहमति पत्र और सामान्य अंशदान देकर लाभ उठाएं।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। अब कम लागत में भी लोग रूफटाप सोलर पैनल लगवा सकेंगे। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन माडल के आधार पर उन्हें यह सुविधा मिलेगी। पक्की छत या एक या दो किलोवाट बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। इस योजना का लाभ पाने को उपभोक्ता सिर्फ सहमति पत्र देना होगा। अन्य सभी औपचारिकता अफसर पूरा कराएंगे।
सरकार ने लोगों को बिजली बिल में बचत मुहैया कराने लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की। इसके चलते वित्तीय वर्ष 2026-27 तक जिले को 6312 ग्रिड कनेक्ट रूफ टाप सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया गया। इसमें से वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 1180 एवं 1180 सोलर पैनल लगाने थे। जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3952 सोलर पैनल लगाकर लक्ष्य पूरा करना है।
लोगों को योजना का लाभ प्रदान करने के लिए सोलर पैनल लगाने पर भारी सब्सिडी और बैंक से ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 6087 सोलर पैनल लग चुके हैं। अब योजना के तहत यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन माडल के आधार पर एक या दो किलोवाट बिजली कनेक्शनधारक उपभोक्ता को लाभांवित किया जाएगा।
पांच व दस हजार रुपये जमा करना होगा अंशदान
ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि इस योजना का लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं को सिर्फ आवेदन के साथ रूफ टाप सोलर पैनल लगाने को सहमति पत्र देना होगा। एक किलोवाट के लिए पांच हजार रुपये और दो किलोवाट के लिए अधिकतम दस हजार रुपये अंशदान जमा करना होगा।
ऊर्जा निगम एवं यूपी नेडा के अफसर ही समस्त औपचारिकता पूरी कराकर उपभोक्ताओं की मुश्किल आसान कराएंगे और उनकी छत पर सोलर पैनल लगवाएंगे। उपभोक्ता अधिक जानकारी के लिए ऊर्जा निगम की हेल्पलाइन 1912 या स्थानीय बिजली केंद्र या फिर विकास भवन स्थित यूपीनेडा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
उपभोक्ताओं को यह मिलेगा लाभ
एक किलोवाट प्लांट से प्रतिमाह लगभग 100 यूनिट (लगभग 300 रुपये या इससे अधिक की संभावित बचत) और दो किलोवाट से लगभग 200 यूनिट (मासिक बिल में लगभग एक हजार से 1200 तक की संभावित बचत) बिजली उत्पन्न हो सकती है। उपभोक्ताओं को 25 वर्षों तक बिजली बिल में बचत के साथ निश्शुल्क नेट मीटर, पांच साल तक रखरखाव, पैनल पर 25 साल प्रदर्शन वारंटी एवं दस वर्ष उत्पाद वारंटी और इन्वर्टर पर आठ साल की वारंटी मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।