नोटिस के बाद भी नहीं ली सुध, अब बड़े बकायेदार होंगे डिफाल्टर घोषित... FIR होगी व जुर्माना भी
बुलंदशहर में बिजली बिल के बड़े बकायेदारों पर ऊर्जा निगम शिकंजा कसेगा। नोटिस के बाद भी भुगतान न करने पर उन्हें डिफाल्टर घोषित कर एफआईआर और जुर्माना लगाया जाएगा।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों पर कसा जाएगा शिकंजा
प्रबंध निदेशक के निर्देश पर ऊर्जा निगम चलाएगा अभियान, जिले में इसकी तैयारी तेज
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। नोटिसों के बाद भी सुध नहीं लेने वाले ऐसे बकायेदारों को अब डिफाल्टर घोषित किया जाएगा। राजस्व बढ़ाने और लाइन लास कम करने के लिए जिले में भी जल्द यह अभियान शुरू किया जाएगा। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी होते ही जिले में अभियान को लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों पर अब ऊर्जा निगम शिकंजा कसने जा रहा है। प्रबंध निदेशक ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए कहा है कि बार-बार नोटिस जारी होने के बाद भी बिजलीी बिल का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों को चिन्हित किया जाएगा। सूची में शामिल इन घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को डिफाल्टर घोषित किया जाए। इनके बिजली कनेक्शन काटकर बकाया बसूली के लिए आरी जारी की जाए।
पूरा बकाया और जुर्माना आदि जमा कराने के बाद ही इनके कनेक्शन जोड़े जाए। इसके अलावा फीडर और ट्रांसफार्मर से आपूर्ति होने वाले इनपुट (बिजली खपत) और उपभोक्ताओं के परिसरों में लगे मीटरों के आउटपुट का मिलान भी किया जाए। इनपुट अधिक और आउटपुट (बिलिंग) कम मिलने वाले क्षेत्रों के मीटरों की जांच कराई जाए।
मीटर में छेड़छाड़, बाइपास या किसी अन्य माध्यम से बिजली चोरी करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित उपभोक्ता के पर बिजली चोरी की एफआइआर दर्ज कराई जाए और जुर्माना भी वसूला जाए। मुख्य अभियंता संजीव कुमार का कहना है कि प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार बकायेदारों की डिफाल्टर सूची तैयार कराई जा रही है।