अस्पताल में बिजली हुई गुल तो कार के बोनट पर दवा लिखने लगे डॉक्टर साहब, वीडियो हुआ वायरल
बुलंदशहर के जटिया अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर एक चिकित्सक का कार के बोनट पर दवा लिखते हुए वीडियो वायरल हुआ।

HighLights
चिकित्सक ने कार के बोनट पर लिखी दवा।
जटिया अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
मरीजों को जांच में देरी का सामना करना पड़ा।
संवाद सहयोगी, बुलंदशहर। चिकित्सक के कार के बोनट पर दवा लिखने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। बताया गया कि सुबह के समय बिजली आपूर्ति नहीं होने पर चिकित्सक मरीजों को लेकर बाहर की तरफ आ गए थे।
जटिया अस्पताल का शुक्रवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। जिसमें एक चिकित्सक कार के बोनट पर मरीजों को दवा लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि कुछ ही देर में वह वहां से ओपीडी की तरफ पहुंच गए। उधर अस्पताल आए मरीज सोबरन, हरी शंकर शर्मा, राकी आदि ने बताया कि अस्पताल में बिजली आपूर्ति नहीं है।
जिस कारण मरीजों को परेशानी हुई। मरीजों ने बताया कि उन्हें पैथलाजी पर रिपोर्ट भी देरी से मिली। उधर अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके झा ने बताया कि फॉल्ट के चलते आपूर्ति प्रभावित हुई थी। जिसको तकनीशियन बुलाकर ठीक कराया गया।
मरीजों को परेशानी ना होने पाए। इसको लेकर जनरेटर भी चलाया गया। वहीं प्रत्येक ओपीडी कक्ष में बैटरी-इंवर्टर भी लगे हैं। उधर प्रसारित वीडियो को लेकर उन्होंने बताया कि चिकित्सक किसी कार्य से बाहर की तरफ आए थे। जहां मरीज के पहुंचने पर उन्होंने दवा लिख दी।
सीटी स्कैन का कार्य भी हुआ प्रभावित
अस्पताल परिसर में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति तकनीकी खराबी के चलते प्रभावित रही। जिसके चलते अस्पताल में एक्स-रे, सीटी स्कैन, खून की जांच का भी कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि दोपहर के समय आपूर्ति सुचारू होने के बाद सीटी स्कैन शुरू हो सका।
