विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

9 साल की बच्ची की हत्या के आरोपित बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में 25000 के इनामी के पैरों लगी गोली

By Ravindra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 16 Nov 2026 12:37 PM (IST)

बुलंदशहर में नौ वर्षीय बच्ची की हत्या के वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बुलंदशहर के सिकंदराबाद में बच्ची की हत्या का मामला।

  2. मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक भी गोली लगने से घायल।

संवाद सहयोगी, सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक काॅलोनी निवासी नौ वर्षीय बच्ची की हत्या में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। वहीं आरोपित की ओर से की गई फायरिंग में एक उप निरीक्षक भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ नगर प्रखर पांडे ने बताया कि रविवार की रात पुलिस को मुखबिर ने औद्योगिक क्षेत्र निवासी नौ वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपित रवि कुमार पुत्र राजू निवासी ग्राम कुंवरपुर तरौयन, थाना सौंरिख, जनपद कन्नौज को कांवरा रोड पर देखे जाने की सूचना दी।

जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपित की घेराबंदी की और गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपित की निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद करने के लिए आरोपित द्वारा बताए गए स्थान सलेमपुर कायस्थ रोड पर पहुंची।

बताया कि तभी आरोपित ने पास में छिपाए असलहे से जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर करते हुए पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। फायरिंग में एक उप निरीक्षक के बाएं हाथ में गोली लग गई, जबकि दूसरी गोली एक अन्य उप निरीक्षक के कान के निकट से निकल गई।

पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपित के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस व घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद हुई है। बताया कि आरोपित ने सात नवंबर को औद्योगिक क्षेत्र की एक कलोनी निवासी नौ वर्षीय बच्ची की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कार्रवाई करते हुए आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।