विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुबह की सैर करने वाले सावधान! फिर खराब हुई बुलंदशहर की हवा, डॉक्टरों की सलाह पर दें ध्यान  

By Prashant Gaud Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:38 PM (IST)

बुलंदशहर में वायु प्रदूषण फिर बढ़ा, एक्यूआई 28 अंक उछलकर 'खराब' श्रेणी (218) में पहुंच गया है। डॉक्टरों ने सांस और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने तथा मास्क पहनने की सलाह दी है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बुलंदशहर का एक्यूआई 28 अंक बढ़कर 218 हुआ।

  2. डॉक्टरों ने मास्क पहनने, सावधानी बरतने की सलाह दी।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। कार्रवाई की कवायद ढीली पड़ते ही बुधवार को हवा में प्रदूषण का जहर फिर घुलने लगा है। एक्यूआइ 28 अंकों की उछाल भरकर खराब श्रेणी में पहुंच गया है। ऐसे में धुंध का असर भी बढ़ने लगा है। प्रदूषण की यह स्थिति सेहत पर भारी पड़ने लगी है।

सप्ताह भर से प्रदूषण का असर कम होते ही हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में आंकी जा रही थी, लेकिन हवा की धीमी गति और नमी बढ़ने के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा। कार्रवाई के प्रति भी जिम्मेदार गंभीर नजर नहीं आए। इसके चलते एक्यूआइ उछाल भरकर खराब श्रेणी के करीब पहुंचने लगा।

ऐसे में धूल एवं धुएं के कण वायुमंडल की निचली सतह पर संघनित होने लगे। सुबह और शाम के समय हल्की प्रदूषण की धुंध की चादर बिछने लगी। मंगलवार को प्रदूषण का असर यह रहा कि एक्यूआइ खराब श्रेणी में पहुंचने से मात्र दस पायदान दूर रहा।

अब बुधवार को आई सीपीसीबी की रिपोर्ट में एक्यूआइ खराब श्रेणी में 218 रिकार्ड किया गया, प्रदूषण की यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसानदायक रही। इस कारण सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को आंखों में हल्की जलन और गले में खराश जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह देख चिकित्सक लोगों को सचेत कर रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रमित कुमार का कहना है कि प्रदूषण बढ़ने पर सांस एवं ह्दय रोगियों को विशेष ध्यान रखने की जरूरी है। सामान्य लोगों को भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाना चाहिए।

वहीं, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी क्षितीज पटेल का कहना है कि प्रदूषण कम करने के लिए संबंधित विभागों के सहयोग से कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका की ओर से सड़कों पर छिड़काव कराया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।