भाकियू का कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
बेसहारा गोवंश को पकड़ने और गन्ना भुगतान की मांग पर अड़े। सिटी मजिस्ट्रेट और डीसीओ को सौंपा ज्ञापन।
बुलंदशहर: फसल को नुकसान पहुंचा रहे बेसहारा गोवंश को पकड़ने, गन्ना भुगतान और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई आदि मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मांगे पूर्ण न होने तक अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा करते हुए मुख्य द्वारा पर जमे रहे।
पूर्व घोषणा के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष मांगेराम त्यागी कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट पर पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार होने के चलते कलक्ट्रेट में कोई अधिकारी न होने के चलते कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर ही रजाई गद्दे बिछाकर अनिश्चित कालीन धरने की घोषणा कर दी। सूचना पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट विवेक कुमार मिश्र और जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। घंटों चली वार्ता में किसानों ने साफ कहा कि जब तक मांगे पूर्ण नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा। मांगेराम त्यागी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार ने 14 दिनों में गन्ना भुगतान कराने की घोषणा की थी लेकिन इसे अमल में नहीं लाया गया। बताया कि किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों, बर्सिम आदि फसलों को बेसहारा पशु चट कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक भाकियू का धरना जारी रहा। इस मौके पर कपिल त्यागी, सुनील कुमार, जगतवीर सिरोही, सानू खान, शैलेंद्र आर्य, संजू चौधरी, बीना रानी, प्रेमलता, डा. वीरेंद्र सिंह, सोहन लाल लोधी, नर्गिस खान आदि मौजूद रहे।