भुगतान की मांग को लेकर सड़क पर उतरी भाकियू
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता ने बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को हाईवे जाम जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
बुलंदशहर, जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता ने बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को हाईवे जाम जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
नगर के गढ़ बस स्टैंड स्थित भाकियू नेता मांगेराम त्यागी के कैंप कार्यालय पर भाकियू कार्यकर्ता और किसानों की पंचायत आयोजित की गई। मांगेराम त्यागी ने कहा कि प्रदेश सरकार व चीनी मिल मालिकों की मिलीभगत के चलते गन्ना किसानों का पिछले वर्ष का बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया जा रहा है। वहीं, अवारा पशु किसानों की खेत में खड़ी फसल को उजाड़ रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन यशवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार में किसानों का खुला शोषण हो रहा है। मुजफ्फरनगर में किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू द्वारा आंदोलन जारी है। लेकिन शासन-प्रशासन के अधिकारी किसानों के आंदोलन से अंजान बने हुए हैं। जिसको जिसको भाकियू कार्यकर्ता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। कहा कि अगर शीघ्र ही किसानों की सभी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया तो भाकियू कार्यकर्ता सड़कों पर चक्का जाम करने के मजबूर होंगे। जिसके बाद गुस्साए किसानों ने स्याना-बुलंदशहर हाईवे पर सांकेतिक जाम लगाकर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान शैलेंद्र आर्य, मोनू त्यागी, गजेंद्र लोधी, राजू चौधरी, कुंदन लाल शर्मा, जयप्रकाश सिंह, आदित्य सिंह, विरेंद्र शर्मा, बबली व दीपेश आदि मौजूद रहे।