गौतमबुद्धनगर में गैंगस्टर भाइयों की 7.4 करोड़ की संपत्ति कुर्क, राहुल शर्मा भू-माफिया घोषित
पुलिस-प्रशासन ने गौतमबुद्धनगर में गैंगस्टर राहुल शर्मा और उसके दो भाइयों की 7.4 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की। यह ...और पढ़ें
HighLights
गैंगस्टर राहुल शर्मा और भाइयों की 7.4 करोड़ की संपत्ति कुर्क
तीन मकान, तीन प्लॉट, एक दुकान पत्नियों के नाम पर पंजीकृत
राहुल शर्मा को प्रशासन ने भू-माफिया घोषित किया
संवाद सहयोगी, खुर्जा। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस-प्रशासनिक टीम ने गौतमबुद्धनगर में जाकर गैंगस्टर अपराधी तीन भाइयों की 7.4 करोड़ रुपये की संपत्ति तीन मकान, तीन प्लाट और व्यावसायिक दुकान को कुर्क किया। संपत्ति उनकी पत्नियों के नाम पंजीकृत थी। प्रशासन ने एक भाई राहुल को भू माफिया घोषित किया था।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के थाना दनकौर क्षेत्र की ग्रीष्म विहार कॉलोनी खेरली हाफिजपुर राहुल शर्मा और उनके भाई अभिलाष शर्मा व सचिन शर्मा पर जहांगीरपुर थाने में गैंग्सटर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
7.4 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में रविवार को एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय, सीओ शोभित कुमार, खुर्जा नगर और जहांगीरपुर पुलिस गौतमबुद्धनगर के दनकौर क्षेत्र स्थित उनके मकानों पर पहुंच गईं। जहां टीम द्वारा तीन गैंगस्टर भाइयों की करीब 7.4 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को कुर्क किया गया।
तीन मकान, तीन प्लाट और व्यावसायिक दुकान शामिल, ढोल बजवाकर पुलिस ने की मुनादी
यह संपत्तियां उनक पत्नियों के नाम पर पंजीकृत थीं। इसमें तीन मकान, तीन आवासीय प्लाट, एक व्यावसायिक दुकान शामिल हैं। टीम द्वारा कार्रवाई के दौरान मुनादी कराई गईं और कुर्क की संपत्तियों पर नोटिस भी चस्पा किया गया। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि राहुल पर धोखाधड़ी, एससी एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं अभिलाष पर 19 और सचिन पर 19 मुकदमा दर्ज हैं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई से अफरातफरी का माहौल बना रहा।
राहुल को प्रशासन ने किया भू-माफिया घोषित
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गौतमबुद्धनगर जनपद के थाना दनकौर क्षेत्र के गांव खेरली हाफिजपुर निवासी राहुल शर्मा लंबे समय से अवैध रूप से भूमि पर कब्जा करना, फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का क्रय-विक्रय करना, कमजोर एवं गरीब व्यक्तियों को धमकाकर उनकी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने जैसे अपराध कर रहा था।
यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर NH-27 पर सफर होगा महंगा, कार टोल 95 से 115 रुपये करने की तैयारी
कई जिलों में मामले दर्ज
एसएसपी ने बताया कि इसके खिलाफ जनपद हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मेरठ व गौतमबुद्धनगर के थानों में धोखाधड़ी, मारपीट व जान से मारने की धमकी, अवैध कब्जा करने के मुकदमे दर्ज हैं। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राहुल शर्मा की आपराधिक गतिविधियों का परीक्षण करते हुए उसके विरुद्ध उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर भू-माफिया घोषित किये जाने की रिपोर्ट जिलाधिकारी बुलंदशहर को प्रेषित की गई थी। जिसके आधार पर विगत जिलाधिकारी गुरुवार को आरोपित राहुल को भू-माफिया सूची में घोषित किया गया है।
