अमन-चैन की दुआ के साथ अदा की नमाज
बकरीद का पर्व सोमवार को जिले भर में आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह छह बजे से आठ बजे जिले में स्थित ईदगाह परिसरों में नमाज अदा की गई।
बुलंदशहर, जेएनएन : बकरीद का पर्व सोमवार को जिले भर में आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह छह बजे से आठ बजे जिले में स्थित ईदगाह परिसरों में नमाज अदा की गई और शहर काजी ने नमाज अदा कराने के साथ भाईचारे का संदेश भी दिया। इस दौरान अधिकारी भी व्यवस्था बनाने के लिए यहां से वहां दौड़ते नजर आए। कुछ जगहों पर सड़क पर नमाज अदा होने के कारण आमजन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगर मुख्यालय पर शहर काजी जैनुअल आबदीन द्वारा नमाज अदा कराई गई। नगर की ईदगाह परिसर में मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों द्वारा देश में अमन चैन और आपसी भाईचारे की दुआ की गई। शहर काजी ने कहा कि हम सब को आपसी भाईचारे के साथ रहना चाहिए और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान भी करना चाहिए। नमाज अदा होने के सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी गई। इस दौरान सपा और बसपा ने कैंप लगाकर लोगों को बकरीद दी बधाई दी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बकरीद की बधाई दी और अपने घरों को रवाना हो गए। देर शाम तक बकरीद की बधाई का सिलसिला जारी रहा।
उधर, बुलंदशहर, गुलावटी और जहांगीराबाद में सड़क पर नमाज अदा किए जाने के कारण आमजन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने यातायात रोक दिया और वाहनों की कतार लग गई।