विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुलंदशहर में 2150 करोड़ से होगा चार स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण, 450 सड़कों का नवनिर्माण; दो बाईपास बनाने की भी योजना

By Amar Singh Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 03 Jun 2026 05:34 PM (IST)

Bulandshahr News : बुलंदशहर में लोक निर्माण विभाग द्वारा 2150 करोड़ की सड़क, बाईपास और सेतु निर्माण की कार्ययोजना बनाई ...और पढ़ें

बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे।

बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे।

HighLights

  1. जिलाधिकारी ने कार्ययोजना को पोर्टल पर लॉक किया।

  2. कार्ययोजना के साथ प्रारंभिक एस्टीमेट भी तैयार।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। लोक निर्माण विभाग द्वारा 1567 करोड़ रुपये से 450 सड़कों के नवनिर्माण, 17 अन्य जिला मार्ग और चार स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा 562 करोड़ रुपये से दो बाइपास के निर्माण की कार्ययोजना को जिलाधिकारी ने पोर्टल पर लाॅक कर दिया है। अब शासन से कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनपदों का जल्द से जल्द से कार्ययोजना तैयार कर पोर्टल पर लाक करने के निर्देश पिछले दिनों दिए थे। जिले में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड, निर्माण खंड और निर्माण खंड द्वितीय तीन डिवीजन है।

लोक निर्माण विभाग ने सड़क नेटवर्क को मजबूती देने के लिए 750 करोड़ रुपये से 450 नवनिर्माण, 417 करोड़ रुपये से चार स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, 400 करोड़ रुपये से अन्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण व 496 करोड़ से बुलंदशहर में बाइपास और 70 करोड़ रुपये से सिकंदराबाद में बाइपास निर्माण तथा 15 करोड़ रुपये से 43 सेतु निर्माण की कार्ययोजना बनाई थी।

लोक निर्माण विभाग ने 2150 करोड़ की कार्ययोजना तैयार की है। कार्ययोजना में पहली बार सभी सड़क, सेतु,स्टेट हाईवे का कोड उसकी लंबाई और चौड़ाई पोर्टल पर अपलोड की गई है। यानि कार्ययोजना के साथ प्रारंभिक एस्टीमेट तैयार हो गया है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार कार्ययोजना को पोर्टल पर लाॅक कर दिया है।

कार्ययोजना पोर्टल पर लाक होने के बाद अब लखनऊ स्तर पर पोर्टल से कार्ययोजना की जांच और स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू होगी। कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने के बाद धनराशि जारी होने पर नवनिर्माण और चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। जुलाई के अंत तक धनराशि जारी होने की उम्मीद है।

इन्होंने कहा...
जिले में 1567 करोड़ रुपये से 450 सड़कों के नवनिर्माण,17 अन्य जिला मार्ग और चार स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण व 562 करोड़ रुपये से दो बाइपास के निर्माण तथा 15 करोड़ रुपये से सेतु निर्माण समेत 2150 करोड़ रुपये कार्ययोजना तैयार हो गई। जिलाधिकारी ने कार्ययोजना को पोर्टल पर लाक कर दिया है। अब कार्ययोजना की जांच के बाद स्वीकृति की मुहर लगेगी।
- राहुल शर्मा, एक्सईएन, प्रांतीय खंड