दिल्ली-बदायूं हाईवे पर हुए सड़क हादसे में दो सगे भाईयों की मौत, शव देख पिता बेहोश
Accident on Delhi Budaun Highway: दिल्ली-बदायूं हाईवे पर अहमदगढ़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में शाहजहांपुर के दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

असीम और कलीम के फइल फोटो
HighLights
आटो से हुई युवकों की बाइक की जोरदार टक्कर।
बुलंदशहर में दिल्ली-बदायूं हाइवे पर हुआ हादया।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। दिल्ली-बदायूं हाइवे पर अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में रहमापुर गांव के पास हुए सड़क हादसे में दो सगे भाईयों की मौत हो गई। मृतक बाइक पर सवार होकर नोएडा जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्ट मो जिला अस्पताल स्थित मर्चरी भेजे हैं। थाने पर अभी तक इस बाबत रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
जनपद शाहजहांपुर के थाना परौरा क्षेत्र के गांव बमहटी निवासी 24 वर्षीय अब्दुल कलीम और 22 वर्षीय असीम अली पुत्रगण सकतार अली सोमवार की सुबह बाइक पर सवार होकर नोएडा जा रहे थे। दोनों भाई नाेएडा में किराए पर रहकर लिफ्ट लगाने का काम करते थे।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रहमापुर के पास बुलंदशहर से डिबाई की तरफ जा रहे आटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में अब्दुल कलीम ने मौके पर ही दम तोड दिया, जबकि उसके भाई असीम अली को उपचार हेतु बुलंदशहर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने फोन के जरिए मामले की सूचना उनके स्वजन को देकर शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल स्थित मर्चरी भेजे। टक्कर इतनी भयंकार थी कि जहां बाइक के परखच्चे उड़ गए वहीं आटो हादसे के बाद सड़क पर पलट गया। लेकिन गनीमत रही कि आटो में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
हाइसे के बाद चालक आटो को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पाकर बुलंदशहर पहुंचे स्वजनों ने बताया कि अब्दुल कलीम की पांच अप्रैल 2025 को साजो के साथ निकाह हुआ था, जबकि असीम अली अविवाहित था। घटना के बाद से उनके घर में कोहराम मच गया, स्वजन का रो-रो कर बुरा हल है। मृतक पांच भाई और चार बहन हैं। अब्दुल कलीम दूसरे और असीम अली तीसरे नंबर के थे।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. तेजवीर सिंह ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, अभी तक किसी के भी द्वारा थाने पर तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आटों को कब्जे में लिया है।
जिला अस्पताल में दोनों पुत्रों के शव देख पिता बेहोश
सूचना पाकर स्वजन के साथ जिला अस्पताल स्थित मर्चरी पहुंचे अब्दुल कलीम और असीम अली के पिता सकतार दोनों पुत्रों के एक साथ शव देखकर बेहोश हो गए और वहीं जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद स्वजन उसे अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जिसके बाद वहां पर मौजूद चिकित्सकों ने वृद्ध का इलाज किया। स्वजन ने वृद्ध को सांत्वना देकर शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को स्वजन दोनों के शव लेकर गांव को चले गए।
