Move to Jagran APP

'काला आम' के सीने में समाई है शौर्यगाथा

बुलंदशहर: मेरा नाम आप लोग 'काला आम' के नाम से जानते हैं, लेकिन अधिकांश लोगों को शायद मालूम न हो, मेर

By Edited By: Published: Mon, 10 Aug 2015 12:55 AM (IST)Updated: Mon, 10 Aug 2015 12:55 AM (IST)
'काला आम' के सीने में समाई है शौर्यगाथा

बुलंदशहर: मेरा नाम आप लोग 'काला आम' के नाम से जानते हैं, लेकिन अधिकांश लोगों को शायद मालूम न हो, मेरा असली व पुराना नाम 'कत्ले आम' है। 'कत्ले आम' लोगों की जुबान पर नहीं चढ़ा और धीरे-धीरे यह अपभ्रंश होकर 'काला आम चौराहा' कहा जाने लगा। यहां पहले आम का विशाल बगीचा था। इसी आम के पेड़ों पर आजादी के मतवालों को लटका कर अंग्रेज फांसी दी जाती थी। कभी-कभी अंग्रेजी फौज, क्रांतिकारियों को उल्टा लटकाकर नीचे आग जला देते थे। मैंने वीर पुत्रों को तड़प-तड़प कर शहीद होते देखा है। अब कोई आम का पेड़ तो शेष नहीं है, पर शहीदों की याद आज भी ताजा है। उन लम्हों को याद कर मेरे आंखों में समंदर उमड़ आते हैं। दिल फटने लगता है। हिचकियां थमती नहीं। आओ मैं उन रणबांकुरों की कहानी सुनाऊं, जिनकी बदौलत आज तुम खुली हवा में सांस ले रहे हो।

loksabha election banner

कुछ दिन बाद आपलोग स्वतंत्रता दिवस मनाओगे। लाल किले पर झंडा फहरेगा। आप लोग बड़े शान से तिरंगा लेकर निकलोगे। उत्सव मनाओगे। जश्न में डूबोगे, लेकिन शायद ही तुम्हें उस गहराई से अहसास हो कि इस आजादी के लिए भारत माता के लालों ने कितनी यातनाएं व जुल्में सहीं। जालिमों ने जान भी ली तो तड़पा-तड़पा कर। मैं इसका गवाह हूं। मैंने अपनी आंखों से यह सब होते देखा है। उफ, मैं उन पलों को याद नहीं करना चाहता। भारत माता के लालों को पहले तो बर्बरता से कठोर यातना दी जाती थी। उसके बाद उन्हें फांसी पर लटकाया जाता था। साथ ही कोरे भी बरसाए जाते थे। क्रांतिकारी उस वक्त भी 'भारत माता की जय','वंदे मातरम' के नारे लगाते थे। कई दिनों तक पेड़ से उनकी लाश लटकी रहती। अंग्रेज इस तरह से सामूहिक फांसी देकर लोगों को आतंकित भी करते थे ताकि देशभक्ति की डगर पर चलने से पहले लोग सौ बार सोचें। आते-जाते राहगीर केवल उसे देख सकते थे, उनका अंतिम संस्कार करने की भी हिम्मत नहीं होती थी। उस मंजर को याद कर मेरा भी खून खौल उठता है। हां, एक मोहन बाबा नाम के संत थे जो रात में चुपके से शहीदों की लाश ले जाते थे और उसका गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करते थे। यह काली नदी तट पर कुटी बनाकर एकांत में रहते थे। उन्हीें के नाम पर इस इलाके का नाम मोहनकुटी पड़ा।

आओ, तुम्हें बताऊं कि अंग्रेज बुलंदशहर के क्रांतिकारियों से इतने घबराते क्यों थे, उनके प्रति इतनी नफरत क्यों थी? क्यों ये सरेआम सामूहिक फांसी देते थे? दरअसल, पहले स्वतंत्रता संघर्ष से लेकर आजादी मिलने तक बुलंदशहर ने आजादी की लड़ाई में पूरे दम-खम से भाग लिया। 10 मई 1857 को देश की आजादी की प्रथम जंग शुरू हुआ। सर्वप्रथम क्रांति का संदेश लेकर अलीगढ़ से बुलंदशहर पंडित नारायण शर्मा 10 मई को आए थे और उन्होंने गुप्त रूप से नवीं पलटन को क्रांति की प्रेरणा दी थी। बुलंदशहर जिले में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल वीर गूजरों ने फूंका। दादरी और सिकंदराबाद के क्षेत्रों के गुर्जरों ने विदेशी शासन का प्रतीक डाक बंगलों, तारघरों और सरकारी इमारतों को ध्वस्त करना प्रारंभ किया। सरकारी संस्थाओं को लूटा गया और इन्हें आग लगा दी गई। एक बार नवीं पैदल सेना के सैनिकों ने 46 क्रांतिकारी गूजरों को पकड़ कर जेल में बंद कर दिया था। इससे क्रांति की आग और भड़क उठी। अंग्रेज विचलित हो उठे। क्रांति का दमन करने के लिए उन्होंने दमन करने के लिए बरेली से मदद मांगी लेकिन नकारात्मक उत्तर मिला। रामपुर नवाब भी घुड़सवार नहीं भेज सके। सिरमूर बटालियन की दो फौजी टुकड़यिां, जिनकी आने की पूर्ण आशा थी, वे भी न आ सकीं। जनरल डीवट को मेरठ का सरकारी खजाना भेजने के लिए कुछ यूरोपियन सैनिक भेजने का जो आग्रह किया था, वह भी पूर्ण नहीं न हो सका। इस बुलंदशहर के अंग्रेज अधिकारियों के लिए चारों तरफ निराशा छाई हुई थी। इसी बीच क्रांतिकारियों ने 21 मई 1857 को अलीगढ़ से बुलंदशहर तक इलाके को अंग्रेजी शासन से मुक्त करा दिया। हालांकि 25 मई को अंग्रेजों ने फिर से कब्जा कर लिया। बुलंदशहर नगर से करीब 8 किलोमीटर दूर मालागढ़ के नवाब वलीदाद खां उस समय भी अपनी अलग प्रभुसत्ता बनाए हुए थे और अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर के काफी करीबी और वफादार थे। क्रांति का साथ देने वह वह दिल्ली से चलकर 14वां रिसाला झांसी की 12वीं पलटन और छह तोपों को लेकर बुलंदशहर आ गए। 31 मई 1857 को उन्होंने बुलंदशहर पर अधिकार कर लिया और दिल्ली में सैनिकों ने बहादुर शाह जफर को सम्राट घोषित कर दिया। 31 मई से 28 सितंबर तक बुलंदशहर अंग्रेजी दासता से मुक्त रहा। इस बीच स्थिति तेजी से बदलने लगी। आसपास के कई जमींदार अंग्रेजों से जा मिले। लड़ाई में नवाब की सेना का काफी नुकसान हो गया था। नवाब ने बहादुर शाह जफर से घुड़सवार, तोप, गोला-बारूद मांगे, पर बादशाह के पास इतनी शक्ति कहां थी। अंग्रेज इस बीच मेरठ छावनी को मजबूत करने में जुट गए। 24 सितंबर को ले. कर्नल ग्रीथेड के नेतृत्व में विशाल सेना गाजियाबाद के रास्ते बुलंदशहर को कूच की। 28 सितंबर को इस बुलंदशहर में आजादी के चाहने वाली सेना और अंग्रेजी सेना में घमासान युद्ध् हुआ। अंग्रेज विजयी हुए और बुलंदशहर पर फिर से अधिकार कर लिया। इसके बाद बुलंदशहर अंग्रेजों के आंख पर चढ़ गया और चुन-चुन कर क्रांतिकारियों का कत्ल किया जाने लगा। वर्ष 1857 से 1947 के दौरान काला आम कत्लगाह बना रहा। इस दौरान हजारों क्रांतिकारी को यहां फांसी दी गई। अब काला आम की सूरत बदल गई है। आजादी के बाद लोगों ने सरेआम कत्ल के गवाह रहे इन पेड़ों को कटवा दिया। ये पेड़ लोगों को अखरते थे। जब पेड़ कट गए तो मौजूदा जगदीश सिनेमा हॉल के बराबर में नाले के निकट शहीदों की याद में रोटरी क्लब द्वारा स्मारक बना दिया गया। बाद में चौराहे के बीचोंबीच यहां प्रशासन द्वारा शहीद पार्क बनाया गया। अब काला आम चौराहा बुलंदशहर का हृदय कहा जाता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.