बाबा आंबेडकर का नाम लेकर कुछ लोग योगेंद्रनाथ मंडल का काम कर रहे हैं : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में सपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी पर निशाना साधा, उन पर बाबा साहेब आंबेडकर ...और पढ़ें

बिजनौर के वर्धमान कालेज में आयोजित कार्यक्रम में जनता का अभिवादन स्वीकार करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य। जागरण
HighLights
विपक्ष पर बाबा साहेब के नाम पर विभाजन का आरोप।
1000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण।
उप्र को अपराध मुक्त और विकसित बनाने का दावा।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में सपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के समय बाबा साहब देश के साथ रहे और योगेंद्रनाथ मंडल पाकिस्तान चले गए। उनके पापों को सजा पाकिस्तान और बांग्लादेश में अनुसूचित समाज के लोगों को मिल रही है। कहा कि अब कुछ लोग फिर से बाबा साहब के नाम पर योगेंद्रनाथ मंडल का काम कर रहे हैं। अनुसूचित समाज को कभी जाट, कभी ठाकुर, कभी ब्राह्मणों से लड़ाते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं से लेकर किसानों को भी खूब साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 47 दिन बाद शुक्रवार को एक बार फिर विदुर की धरा पर पहुंचे। बिजनौर के वर्धमान कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिजनौर और चांदपुर विधानसभा की एक हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वर्धमान कालेज परिसर में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि पहले जिले में कोई मुख्यमंत्री आना नहीं चाहता था। कहते थे बिजनौर आना अपशकुन होता है।
कहा कि जहां भगवान कृष्ण महात्मा विदुर की कुटिया पर आकर बथुए का साग खाने को आतुर रहे हों, जहां मां गंगा की धारा है, वहां आना अपशकुन कैसे हो सकता है। 2017 से पहले के वे मुख्यमंत्री खुद ही बिजनौर के लिए अपशकुन थे। कहा कि मुख्यमंत्री आते भी कैसे बउआ तो दोपहर में 12 बजे सोकर उठते थे। इसके बाद जिम करते थे और खा पीकर अपनी चौकड़ी में बैठ जाते थे। उन्हें जनता से मिलने या जनप्रतिनिधि से संवाद करने का समय कहां था। आगे कहा कि कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने कभी कहा था कि विकास के लिए सरकार द्वारा जारी किए गए एक रुपये में से 85 पैसे खाए जाते हैं।
वे जनता के विकास के लिए जारी किए गए पैसे कांग्रेस और सपा जैसे दलों ने ही खाए हैं। योगी ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री कहते थे कि अपराधियों और माफियाओं को नियंत्रित नहीं किया जा सकता है। तब कांवड़ यात्रा, राम नवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आदि कार्यक्रमों पर रोक लगा दी जाती थी। अब ऐसा नहीं हो सकता। उत्तर प्रदेश अपराध मुक्त हुआ है। अब कांवड़ यात्रा धूम धड़ाके से निकलती है। योगी ने कहा कि विकास अब लखनऊ से बैठकर नहीं जनता द्वारा सही प्रतिनिधि बनने से होता है।
भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता के लिए दिन-रात काम करते हैं। उन्होंने बिजनौर में 2017 से पहले अपराध की स्थिति के बारे में बात करते हुए कहा कि यहां पर एनआईए के डिप्टी एसपी की हत्या कर दी गई थी और अपराध चरम पर था। अब यहां का किसान विकास कर रहा है और युवा भी आगे बढ़ रहे हैं। जनसभा को क्षेत्रीय अध्यक्ष नबाव सिंह नागर, रालोद सांसद चंदन सिंह चौहान आदि ने भी संबोधित किया।
कौन थे योगेंद्रनाथ मंडल
भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के प्रमुख पैरोकारों में से योगेंद्रनाथ मंडल एक थे। विभाजन के बाद वह पाकिस्तान के पहले कानून मंत्री बने थे। बाद में पुलिस समर्थित मुस्लिम दंगाइयों द्वारा अपने निर्वाचन क्षेत्र के दलितों के खिलाफ किए गए अत्याचारों को लेकर मंडल ने अपना विरोध जताया था। इस रुख के कारण उनके और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री लियाकत अली खान के बीच मतभेद पैदा हो गया और मजबूरी में 1950 में मंडल को भारत लौटने के लिए विवश होना पड़ा था।
