चाय पीते ही महिला की मौत, भाई और ससुर की हालत गंभीर; बिजनौर में हैरान करने वाली घटना
नहटौर के सराय जोखा सिंह मोहल्ले में मकान का बैनामा करने आई एक महिला की चाय पीने के बाद संदिग्ध ...और पढ़ें

मृतका का फाइल फोटो।
HighLights
नहटौर में मकान बैनामा करने आई महिला की चाय से मौत
महिला के भाई और ससुर की हालत गंभीर, अस्पताल में
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जहरीले पदार्थ की आशंका
संवाद सूत्र, नहटौर (बिजनौर)। मोहल्ला सराय जोखा सिंह में मंगलवार को मकान का बैनामा करने आई एक महिला की चाय पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जबकि उसके साथ आए भाई और भाई के ससुर की हालत गंभीर हो गई। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के लोनी देहात क्षेत्र स्थित चांद मुस्तफाबाद निवासी 54 वर्षीय जायदा पत्नी साबिर का नहटौर के मोहल्ला सराय जोखा सिंह में एक मकान है। मकान 64 गज में करीब तीन वर्ष पूर्व बनाया था। महिला जायदा के पति साबिर व एक पुत्र की भी कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उनका दूसरा विवाहित पुत्र नासिर नहटौर स्थित मकान में रहता है।
चाय में जहर देने की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज शुरू की जांच
मंगलवार सुबह जायदा अपने भाई आबिद और भाई के ससुर अशरफ के साथ मकान का बैनामा करने नहटौर आई थीं। उन्होंने मुहल्ले के ही आसिफ हुसैन को अपना मकान बेचा था। बैनामा करने से पूर्व मकान पर पहुंचने के बाद तीनों ने चाय पी। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जायदा को मृत घोषित कर दिया।
स्वजन के साथ मकान का बैनामा करने के लिए आई थी महिला
वहीं, आबिद और अशरफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी है।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।