जंगली हाथियों के फसल उजाड़ने से किसान परेशान
नजीबाबाद (बिजनौर): राजगढ़ वन रेंज से सटे खेतों में जंगली हाथियों के झुंड उत्पात मचा रहे ह
नजीबाबाद (बिजनौर): राजगढ़ वन रेंज से सटे खेतों में जंगली हाथियों के झुंड उत्पात मचा रहे हैं। फसलों को नुकसान पहुंचने से किसान परेशान हैं। किसानों ने वन विभाग से हाथियों से फसलों को बचाने की मांग की।
राजगढ़ वन रेंज से सटे ग्रामीण अंचलों में किसान गन्ना, गेहूं, धान की खेती करते हैं। खेतों में इस समय गन्ना, मक्का व धान की फसल खड़ी है। जंगलों से बाहर खेतों तक पहुंच रहे जंगली हाथियों के झुंड फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों का कहना है कि जंगल से निकलकर खेतों में आए हाथियों के झुंड ने उनकी कई बीघा गन्ने की फसल को तहस-नहस कर डाला है। हाथियों के डर से वे अपने खेतों पर रखवाली करने भी नहीं जा पा रहे हैं। खेतों की रखवाली कर रहे कई रखवालों को जंगली हाथी मौत के घाट उतार चुके हैं। मचान पर बैठकर फसलों की रखवाली करने वाले किसानों की मचानों को भी हाथी उजाड़ चुके हैं। डरे-सहमे किसान फसलों की रखवाली के लिए खेतों पर नहीं जा रहे हैं। किसानों शमशाद, बीरबल, घसीटा आदि ने वन विभाग से खेतों में खड़ी फसलों की सुरक्षा की मांग की है।