UPSSSC Exam: QR कोड स्कैन कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेंगे अभ्यर्थी, सेंटर खाेजने को बिजनौर ट्रैफिक पुलिस ने की व्यवस्था
बिजनौर में UPSSSC परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने QR कोड जारी किए ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
QR कोड से परीक्षा केंद्रों की सटीक लोकेशन मिलेगी।
गूगल मैप पर आसानी से मार्ग खोज सकेंगे परीक्षार्थी।
ई-रिक्शा को तीन दिन की विशेष छूट मिलेगी।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए परीक्षा केंद्रों की लोकेशन से संबंधित एकीकृत क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसकी मदद से अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन गूगल मैप पर देख सकेंगे और वहां तक पहुंचने का रास्ता भी आसानी से जान सकेंगे।
यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा के लिए जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को परीक्षा होनी है। परीक्षा देने के लिए लखनऊ समेत अन्य बाहरी जिलों से भी परीक्षार्थी आएंगे। केंद्र तक पहुंचने का रास्ता ही न ढूंढते रह जाएं इसके लिए यातायात पुलिस ने उपाय खोजा है। यातायात पुलिस ने परीक्षा केंद्रों का क्यूआर कोड जारी किया है। क्यूआर कोड को प्रमुख स्थानों पर चस्पा किया जाएगा। इनमें शहर के प्रमुख चौराहे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों के आसपास के स्थान शामिल हैं।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि इस पहल के तहत अभ्यर्थियों को अलग-अलग परीक्षा केंद्रों के पते खोजने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही परीक्षा केंद्र की लोकेशन गूगल मैप पर दिखाई देगी। इसके बाद अभ्यर्थी अपने वर्तमान स्थान से केंद्र तक पहुंचने का मार्ग देख सकेंगे। इससे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में समय बचाने और रास्ते को लेकर होने वाली असुविधा कम करने में मदद मिलेगी।
किसी भी रास्ते पर चल सकेंगी ई रिक्शा
बिजनौर शहर में इन दिनों ई रिक्शा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू है। इसमें एक रूट की रिक्शा दूसरी सड़क पर नहीं जा सकती है। मगर परीक्षा को देखते हुए ई रिक्शाओं को तीन दिन की छूट रहेगी। ताकि परीक्षा देने वाले ई रिक्शाओं को बदलने में ही समय न गंवा दें।
