यात्रियों को मिला घर जाने का सहारा
प्रदेश सरकार के आदेश पर स्थानीय स्तर पर भी दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए दो बसों का इंतजाम किया गया।
बिजनौर, जेएनएन। प्रदेश सरकार के आदेश पर स्थानीय स्तर पर भी दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए दो बसों का इंतजाम किया गया। शुक्रवार शाम रोडवेज डिपो से धामपुर डिपो की दो बसों को बरेली तक के लिए रवाना किया गया। दो बसों में सौ से अधिक लोगों को भेजा गया है।
दूरदराज से पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। धामपुर में हरिद्वार व देहरादून आदि स्थानों से पैदल चल कर लोग पहुंच रहे थे। कई लोग तो रोडवेज व अन्य स्थानों पर रुके हुए थे और वाहन का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को स्थानीय डिपो से दो बसों का इंतजाम किया गया। एआरएम एलके त्रिवेदी ने बताया कि प्रदेश सरकार के आदेश पर परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अशोक कटारिया ने निर्देश दिए हैं, जिसके बाद धामपुर डिपो की दो बसों को बरेली तक के रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यकता होगी तो बरेली से आगे भी बस भेजी जाएगी। इस दौरान यात्रियों को रवाना करने से पहले हाथ धुलवाकर उन्हें मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग कराया गया। साथ ही चालक और परिचालक को भी विशेष सावधानी बरतने के साथ ही मास्क, दस्ताने और सैनिटाइजर दिए गए हैं।