लॉकडाउन पर चौकसी, सीमाओं पर कड़ी निगरानी, चौराहों से लेकर कस्बों में बरती जा रही सतर्कता Bijnaur News
बिजनौर में कोरोना के संक्रमण के मरीजों की संख्या 12 हो चुकी है। पुलिस जगह-जगह चौकसी बढ़ा रही है। साथ ही किसी तरह की परेशानी न हो इसकी भी पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था कर रही है।
बिजनौर, जेएनएन। लॉकडाउन पार्ट टू चल रहा है। 12 पॉजिटिव केस जिले में आने के बाद नई रणनीति बनाई जा रही है। हॉटस्पॉट को सील करने के बाद पुलिस की सख्ती सीमाओं पर नाकेबंदी करने की है। सीमाओं पर बाहरी लोगों को प्रवेश न हो, इसलिए सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने रात में भी सीमा पर लगे बैरियर प्वाइंटों पर जांच की है। वहीं आइजी जिले में कैंप किए हुए हैं। शासन की ओर से तीन दिन तक उन्हें जिले में रहने के निर्देश हैं।
पुलिस कर रही सख्ती
लॉकडाउन का पालन सख्ती से कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है। एसपी ने गुरुवार सुबह अधिनस्थों को निर्देश दिए कि सभी सुबह से क्षेत्र में गतिशील रहे। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराए। पुलिस इसे अमलीजामा पहनाने के लिए नाकेबंदी किए हुए हैं। बॉर्डर पर 12 प्वाइंटों पर 24 घंटे पुलिस तैनात हैं। हर व्यक्ति की एंट्री की जा रही है। वहीं शहर के अंदर भी बैरिकेडिंग और बैरियर लगाए गए हैं। सभी स्थानों पर पुलिस तैनात है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। आवश्यक वाहनों के अलावा किसी का प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पुलिस ने लॉकडाउन को अधिक मजबूत बनाने के लिए सीमाओं पर सख्त निगाह रख रही है। बुधवार रात अधिकारियों ने सीमाओं पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चेकिंग अभियान चलाया
उधर, गुरुवार को सिविल लाइन पर लोगों की आवाजाही को देखते हुए एसडीएम और सीओ ने चेकिंग की। इस दौरान बैंकों पर पहुंचकर शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। बेवजह घूम रहे लोगों को खदेड़ा। शास्त्री चौक पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। शहर से लेकर कस्बों तक चेकिंग की गई। इस दौरान करीब 500 वाहनों का चालान किया गया। शहर कोतवाल रमेशचंद शर्मा ने भी शहर को भ्रमण किया और अनावश्यक लोगों को खदेड़ा।
वहीं बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए कुछ गांव और मोहल्लों में खुद ही बैरिकेडिंग लगाई है। कई स्थानों पर इस तरह के मामले सामने आए हैं कि लोग खुद ही लॉकडाउन का जिम्मा संभाल रहे हैं।