गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के चार सदस्य डूबे, एक को बचाया; तीन की तलाश जारी
Bijnor News: बिजनौर के नांगलसोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक ही परिवार के चार सदस्य गहरे पानी में डूब गए। एक बच्ची को सकुशल बचा लिया गया, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंगा में लापता हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

HighLights
नांगलसोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा।
एक बच्ची बची, एक महिला और दो बच्चे लापता।
संवाद सूत्र जागरण, (बिजनौर)। नांगलसोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक ही परिवार के चार सदस्य गहरे पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एक बच्ची को सकुशल बचा लिया, जबकि एक महिला सहित एक युवक व बच्चे गंगा की धारा में लापता हो गए। घटना से स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर एडिशनल एसपी, एसडीएम मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोर नाव की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
नजीबाबाद के मोहल्ला रमपुरा निवासी परिवार के चार सदस्य गंगा घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने बचाव का प्रयास किया। इस दौरान दिव्यांशी (12) पुत्री संजीव को बाल पकड़कर बाहर निकाल लिया गया, जबकि गुड़िया उर्फ डोली (21) पुत्री नरेश, छोटू (18) पुत्र राजू और हर्षित (16) पुत्र प्रमोद गंगा में लापता हो गए।
हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर जुट गए। स्थानीय गोताखोर नाव की मदद से गंगा में तलाश कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी एडिशनल एसपी डॉ कृष्ण गोपाल सिंह, एसडीएम प्रशांत वर्मा, थाना प्रभारी नांगल अन्नू कुमारी पुलिस बल के साथ भी मौके पर मौजूद रहकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक लापता युवती और दोनों बच्चों की तलाश जारी थी।
स्वजन स्नान कर लौट आए थे, चारों दोबारा गए थे नहाने डूबे
घटना के बाद विलाप कर रहे स्वजन कह रहे थे कि छोटू को जाते हुए बहुत रोका था, लेकिन वह दोबारा नहाने चला गया। इसके बाद बताया गया कि परिवार के अन्य सदस्य स्नान कर आ गए थे। यह चारों लोग दोबारा स्नान को गए थे और गहरे पानी की चपेट में आ गए। घटना के बाद से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।