होम क्वारंटाइन के बाद बनाए जाएंगे जॉब कार्ड
लॉक डाउन के दौरान बाहरी राज्यों से लौटे कामगारों को अब उनके गांव में ही रोजगार दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्थानीय प्रशास ने भी प्रयास तेज कर दिए हैं। बाहर से लौटे कामगारों का होम क्वारंटाइन का समय पूरा होने के बाद उनके जॉब कार्ड बनाए जाएंगे। जिससे उन्हें मनरेगा योजना के तहत काम मिल सकेगा। इसके लिए निगरानी समितियों को सर्वे करने का निर्देश दिया गया है।
बिजनौर जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्यों से लौटे कामगारों को अब उनके गांव में ही रोजगार दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने भी प्रयास तेज कर दिए हैं। बाहर से लौटे कामगारों का होम क्वारंटाइन का समय पूरा होने के बाद उनके जॉब कार्ड बनाए जाएंगे। जिससे उन्हें मनरेगा योजना के तहत काम मिल सकेगा। इसके लिए निगरानी समितियों को सर्वे करने का निर्देश दिया गया है।
कोरोना संक्रमण के चलते लॉक डाउन होने पर हजारों प्रवासी कामगार अपने घरों को लौट रहे हैं, ऐसे में उनका रोजगार छिनने से आजीविका की परेशानी उत्पन्न हो गई है। इसको देखते हुए सरकार इन कामगारों को अपने गांव और आसपास ही रोजगार मुहैया कराने का प्रयास कर रही है। इसी के चलते मनरेगा के तहत इन्हें रोजगार देने के लिए सर्वे का काम शुरू कराया गया है। अल्हैपुर ब्लॉक के एडीओ पंचायत अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सरकार व जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बाहर से लौटे कामगारों को मनरेगा योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अन्य राज्यों से आने वाले कामगार होम क्वारंटाइन में हैं, जिनकी अवधि 21 दिन रखी गई। इनका क्वारंटाइन का समय पूरा होने के बाद इनके जॉब कार्ड बनाए जाएंगे। अनिल कुमार सिंह ने बताया कि क्वारंटाइन की अवधि पूरी होने से पहले जॉब कार्ड के लिए सर्वे का कार्य भी किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक गांव में बनाई गई निगरानी समितियों को भी निर्देश दिए गए हैं। जिसमें आंगनबाड़ी व आशा आदि से पात्र कामगारों की पहचान करने और विभाग को जानकारी जुटाने को लिए कहा गया है। इस संबंध में ब्लॉक अधिकारी विभिन्न गांवों में बैठकें भी कर रहे हैं। बुधवार को ग्राम पंचायत हकीमपुर व कौड़ीपुरा में निगरानी समितियों को निर्देश दिए गए। वहीं नींदड़ू के ग्राम वाजिदपुर में बैठक की गई। इस दौरान ग्राम प्रधान रफत जहां, राकेश कुमार, पवन कुमार, संतोष रानी, शहनाज, मेहताब जहां, आदेश कुमारी, मिथलेश, सुरेश कुमार और तेजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।