विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

₹700 प्रति क्विंटल तक बढ़े चीनी के रेट; मिलों में पेराई शुरू होने में देरी और गन्ने की कम रिकवरी इसका मुख्य कारण

By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 04 Nov 2026 06:45 AM (IST)

Sugar price hike: चीनी मिलों की देरी से पेराई और गन्ने की कम रिकवरी के कारण नवंबर के पहले पखवाड़े ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बिजनौर के बरकातपुर मिल की नए पेराई सत्र का चीनी का भाव 5,400 रुपये प्रति क्विंटल।

  2. महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी की रिकवरी 1.30 प्रतिशत तक कम आ रही।

अजीत चौधरी, बिजनौर। मिलों की लगातार टलती पेराई और कम रिकवरी का असर चीनी के दामों पर बढ़ा है। नवंबर के पहले पखवाड़े में ही चीनी के दामों में एक साथ 700 रुपये प्रति क्विंटल का जबरदस्त उछाल आया है।

बरकातपुर मिल की नई चीनी के दाम 5400 रुपये प्रति क्विंटल में तय हुए हैं। माना जा रहा है कि सभी मिलों के चलने के बाद भी दाम कम नहीं होंगे।

बरसात ने गन्ने से चीनी की रिकवरी कम कर दी है। बरकातपुर चीनी मिल में हो रही पेराई में रिकवरी 7.70 प्रतिशत आ रही है। कम रिकवरी में बाकी चीनी मिल पेराई करते हुए डर रही हैं। सरकार ने त्योहारी सीजन में चीनी बिक्री का अधिक कोटा जारी कर बाजार का स्टाक तो पूरा कर दिया है लेकिन चीनी का प्रयोग तो हर समय होता है।

महाराष्ट्र और कर्नाटक प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्य हैं। वहां चीनी की रिकवरी 1.30 प्रतिशत तक कम आ रही है। अलनीनो के असर से इन राज्यों में गन्ने की पैदावार औसतन 25 प्रतिशत तक कम है। स्थानीय बाजार में यूपी में बनी चीनी अभी आ नहीं रही है और मिलों के गोदाम भी पिछले सत्र की चीनी से लगातार खाली हो रहे हैं।

इसका असर चीनी के दामों पर भी पड़ रहा है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मिलों ने अपनी चीनी 4700 रुपये प्रति क्विंटल के दाम पर बेची थी। नवंबर के लिए जारी हुए बिक्री के कोटे को शुरू के दो दिन कोई खरीदार नहीं मिला। मंगलवार को चीनी बिकनी शुरू हुई है।

द्वारिकेश ग्रुप की पिछले सत्र की चीनी 5100 और बरकातपुर चीनी मिल की चालू सत्र की चीनी 5400 के दाम में तय हुई है। देश भर में गन्ने की गिरती पैदावार और कम रिकवरी की वजह से चीनी के दाम कम होने के बजाए और चढ़ने की ही आशंका बनी हुई है। अभी नए दाम में तय हुई चीनी बाजार में नहीं आई है। बाजार में फुटकर चीनी के दाम 62 से 64 रुपये प्रति क्विंटल तक चल रहे हैं।

इन्होंने कहा

प्रति क्विंटल गन्ने से आठ किलोग्राम से भी कम चीनी बन रही है। अभी मिल चलाने में घाटा है, लेकिन किसानों के हित में पेराई निर्बाध जारी रहेगी। लागत को देखते हुए चीनी के दाम अभी भी कम हैं।
नरपत सिंह, संयुक्त अध्यक्ष- बरकातपुर चीनी मिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।