विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेंक्चुरी की भूमि पर पिलर गड़वाने के मामले में समाजवादी पार्टी के विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 17 Nov 2026 06:21 PM (GMT+05:30)

बिजनौर जिले की चांदपुर सीट से सपा विधायक स्वामी ओमवेश पर राज्य वन्यजीव बारहसिंगा अभ्यारण्य की भूमि पर गायों का ...और पढ़ें

गंज क्षेत्र में पिलर उखाड़ती वन विभाग की टीम और इंसेट में सपा विधायक स्वामी ओमवेश का फाइल फोटो।

गंज क्षेत्र में पिलर उखाड़ती वन विभाग की टीम और इंसेट में सपा विधायक स्वामी ओमवेश का फाइल फोटो।

HighLights

  1. बिजनौर जिले की चांदपुर सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं स्वामी ओमवेश।

  2. विधायक ने आरोपों से किया इन्कार, कहा- लोगों को पिलर गाड़ने से रोका। 

जागरण संवाददाता, बिजनौर। राज्य वन्यजीव बारहसिंगा अभ्यारण्य की भूमि पर सपा विधायक स्वामी ओमवेश पर गायों का बाड़ा बनाने के लिए खुद खड़े होकर 31 पिलर गड़वाने का आरोप है। वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा विरोध जताने पर विधायक अपने साथियों व ट्रैक्टर को मौके से लेकर चले गए। क्षेत्रीय वनाधिकारी और वन दारोगा ने पिलर खुद उखाड़े।

इस मामले में स्वामी ओमवेश के खिलाफ बीट प्रभारी अजय कुमार की ओर से वन अपराध दर्ज किया गया है। इसमें स्वामी ओमवेश और भूरा के कहने पर पिलर गाड़े जाने की बात कही गई है। स्वामी ओमवेश व भूरा पर मौके पर पिलर गाड़ने में लगे ट्रैक्टर को भी जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि विधायक ने आरोपों से इन्कार किया है। कहा कि उन्होंने कुछ लोग अभयारण्य की भूमि पर पिलर गाड़ रहे थे। उन्होंने उन्हें रोका था। 

विदुरकुटी के पास गांव गंज में चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश का केवलानंद निगम आश्रम है। यहीं उनका आवास, गोशाला और नर्सिंग कालेज है। यहां गंगा किनारे का क्षेत्र राज्य वन्यजीव बारहसिंगा सेंक्चुरी में शामिल है।

गंगा खादर की भूमि पर भूमाफिया सरकारी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश करते रहते हैं। मंगलवार को वन दारोगा हेमेंद्र सिंह गश्त पर गए। बताया कि उन्होंने आरक्षित वन क्षेत्र की भूमि में स्वामी ओमवेश को ट्रैक्टर से पिलर गड़वाते हुए देखा।

उन्होंने इस संबंध में पूछा तो विधायक ने गायों के लिए बड़ा बनाने की बात कही। वन दारोगा ने एतराज किया तो विधायक स्वामी ओमवेश अपने साथी भूरा के साथ ट्रैक्टर लेकर वहां से चले गए। वहां दस से 12 बीघा भूमि में 31 पिलर गड़े हुए थे।

इस संबंध में क्षेत्रीय वनाधिकारी महेशचंद्र गौतम ने विधायक स्वामी ओमवेश से फोन पर वार्ता की तो विधायक ने भूमि का सीमांकन कराने को कहा। साथ ही पिलर एक दो दिन में उठवाने की बात कही। बाद में महेशचंद्र गौतम मौके पर पहुंचे और वन दारोगा हेमेंद्र सिंह व अन्य टीम के साथ मिलकर पिलर उखाड़े।

बताया गया है कि इस मामले में विधायक स्वामी ओमवेश व भूरा के खिलाफ धारा 26 भारतीय वन अधिनियम 1927 और राज्य वन्यजीव बारहसिंगा में वन्यजीवों के प्राकृतिवास को नष्ट करने व वन्यजीवों के स्वच्छंद विचरण में बाधा उत्पन्न करने पर धारा 27 और 51 वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 में वन अपराध दर्ज किया गया। 

इन्होंने कहा

मैंने खादर की भूमि पर कोई कब्जा करने की कोशिश नहीं की। कुछ लोग अभयारण्य की भूमि पर पिलर गाड़ रहे थे। मैंने उन्हें रोका। ऐसा करके कोई अपराध नहीं किया। इस संबंध में मैंने डीएफओ से भी वार्ता की है और पूरी स्थिति के बारे में बताया है।
-स्वामी ओमवेश, सपा विधायक

वन की भूमि पर किसी को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। विधायक स्वामी ओमवेश ने भूमि पर पिलर गाड़ लिए थे। इस संबंध में वार्ता करने पर वे चले गए। पिलर हटा दिए गए हैं। इस मामले में वन अपराध दर्ज किया गया है।
-जय सिंह कुशवाहा, डीएफओ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।