कृषि बिलों के खिलाफ रालोद पदाधिकारियों का प्रदर्शन
बिजनौर जेएनएन। कृषि बिलों के खिलाफ राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरु
बिजनौर, जेएनएन। कृषि बिलों के खिलाफ राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि यह तीनों कृषि बिल किसान विरोधी हैं। बाद में पार्टी की ओर से डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।
राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह के नेतृत्व में अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां उन्होंने कृषि बिलों के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और खेती किसान ने कोविड-19 महामारी एवं लॉकडाउन के चलते भी लगातार उत्पादन एवं रोजगार देकर देश की जीडीपी में योगदान दिया है, जबकि उद्योग-धंधे व रोजगार क्षेत्र में गिरावट रही है। केंद्र सरकार किसानों को शाबाशी देने की जगह किसान व उसकी खेती को खत्म करने पर आमादा है। कहा कि केंद्र सरकार ने तीनों बिल संसद में बिना विस्तृत चर्चा के आनन-फानन में पास करा लिए जो किसी भी दशा में किसान हित में नहीं हैं। वक्ताओं ने किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष राहुल सिंह, अशोक चौधरी, सुखवीर सिंह, कुलदीप चिकारा, शीशपाल राठी, हरपाल सिंह, ओमप्रकाश सिंह, पूनम चौधरी, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।