विस चुनाव की तैयारी का आगाज, एसपी ने की समीक्षा
आगामी विधान सभा चुनाव 2022 की पुलिस की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। एसपी ने चुनाव सेल कार्यालय का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में हुई गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने फोर्स की समीक्षा की। सभी शाखा प्रभारियों से अपराधियों के बारे में जानकारी ली।
जेएनएन, बिजनौर। आगामी विधान सभा चुनाव 2022 की पुलिस की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। एसपी ने चुनाव सेल कार्यालय का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में हुई गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने फोर्स की समीक्षा की। सभी शाखा प्रभारियों से अपराधियों के बारे में जानकारी ली।
आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर पुलिस ने तैयारियों का आगाज कर दिया गया है। शुक्रवार को एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने पुलिस लाइन में चुनाव कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा। कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या के बारे में जानकारी लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस लाइन के सभागार में एसपी सिटी, सीओ सिटी, निर्वाचन कार्यालय, चुनाव सेल, मीडिया सेल समेत सभी शाखा प्रभारियों की मीटिग ली। एसपी ने जिले में चुनाव ड्यूटी नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या के बारे में जानकारी ली। माननीयों समेत अन्य लोगों की सुरक्षा में कितने पुलिसकर्मी लगे हैं। कितने पुलिसकर्मी हैं, जो जून 2022 से पहले सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अपराधियों पर क्या कार्रवाई चल रही है। इस साल टॉपटेन, माफिया, गोकशी करने वाले और पशु चोरों को सूचीबद्ध किया गया है। पंचायत चुनाव की घटनाओं के बारे में जानकारी ली।
----
इंटरनेट मीडिया पर रखें नजर
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि इंटरनेट मीडिया पर नजर रखें। आगामी चुनाव के चलते छोटी-छोटी घटनाओं में अफवाह फैलाई जाएगी। राजनीतिक रंग दिया जाएगा, इसलिए, इंटरनेट मीडिया की हर पोस्ट पर निगाह रखी जाए। शरारती तत्वों पर तत्काल शिकंजा कसा जाए। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।