5000 करोड़ लागत वाली मध्य गंगा नहर फेज-2 से UP के 3 जिलों के किसानों को मिलेगा पानी, PM अगले माह कर सकते हैं इसका लोकार्पण
प्रधानमंत्री अगले माह 5000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली मध्य गंगा नहर फेज-2 का उद्घाटन कर सकते हैं। यह नहर बिजनौर से निकलकर मुरादाबाद, अमरोहा और संभल की कृषि भूमि की सिंचाई करेगी।

मध्य गंगा नहर फेज-2 का फाइल फोटो।
HighLights
मध्य गंगा नहर फेज-2 की घोषणा केंद्रीय बजट 2007-08 में की गई थी।
नहर बिजनौर से निकलकर मुरादाबाद, अमरोहा व संभल की भूमि की करेगी सिंचाई।
अजीत चाैधरी, बिजनौर। पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत से बनी मध्य गंगा नहर फेज-2 का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिसंबर में कर सकते हैं। इसके लिए उनका जिले में आगमन भी हो सकता है। नहर का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके सभी गैप भी खत्म किए जा चुके हैं।
मध्य गंगा नहर फेज-2 की घोषणा केंद्रीय बजट 2007-08 में की गई थी। बिजनौर के गंगा बैराज से मुरादाबाद, अमरोहा और संभल के लिए मध्य गंगा नहर फेज 2 निकाली गई है। इन तीन जिलों में भूगर्भ जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। इससे इन जिलों की डेढ़ लाख हेक्टेयर से अधिक फसलों की सिंचाई की जाएगी।
वर्ष 2022 में मुख्य नहर में पानी छोड़कर ट्रायल की शुरूआत की गई थी। हालांकि तब भी नहर का निर्माण पूरा नहीं हुआ था। कभी किसानों के विरोध तो कभी नहर पटरी के लिए मिट्टी आदि न मिलने के कारण लगातार काम प्रभावित हो रहा था। अब नहर एकदम पूरी हो चुकी है। इसके गैप भी खत्म हो चुके हैं और नहर में पानी छोड़कर ट्रायल कई बार हो चुके हैं।
ट्रायल में नहर की टेल तक पानी पहुंचाया जा चुका है। किसानों को भी मांग के अनुसार पानी दिया जाता है। मुख्य नहर की बहजोई व चंदोसी शाखा में पहले भी पानी छोड़ा जा चुका है। मुख्य नहर का पानी इन ब्रांच के जरिये किसानों को जगह जगह दिया जाएगा।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी नहर के प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण की बात कही गई थी, लेकिन तब नहर का निर्माण पूरा नहीं हो पाया था। इसलिए नहर के लोकार्पण को हरी झंडी नहीं मिली थी। अब प्रधानमंत्री द्वारा जल्दी ही नहर के लोकार्पण की बात चल रही हैं।
पक्की बनाई गई है नहर
मुरादाबाद, अमरोहा व संभल में भूगर्भ जलस्तर बहुत नीचे जा रहा है। यानि भूगर्भ रिचार्ज करने में भी नहर का पानी बहुत महत्व रखेगा। बैराज से जाने वाला एक एक बूंद पानी इन जिलों में भेजने के लिए नहर की तलहटी को पक्का बनाया गया है। नहर द्वारा तीनों जिलों के कुल 12 ब्लाक में किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। इनमें से 11 ब्लाक डार्क जोन में शामिल हैं।
इन्होंने कहा
मध्य गंगा नहर फेज-2 पूरी हो गई है। नहर में पानी इस समय भी चल रहा है। किसानों को भी पानी दिया जाता है। शासन स्तर से ही नहर के लोकार्पण संबंधी प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। -एसएन उपेंद्र, एक्सईन, सिंचाई विभाग
मध्य गंगा नहर एक नजर में
- मुख्य नहर की लंबाई: 66.200 किलोमीटर
- पानी की क्षमता: 4,270 क्यूसेक
- बहजोई ब्रांच की लंबाई: 50.800 किलोमीटर
- चंदौसी ब्रांच की लंबाई: 60 किलोमीटर
- सिंचित क्षेत्र
- अमरोहा में: 59046 हेक्टेयर
- मुरादाबाद में: 16,569
- संभल: 70,917
- शामिल गांव, 1850
- लाभांवित किसान, 4.10 लाख
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।