पहले नेपाली ठेकेदार से डेढ़ लाख लूटे, फिर चलती कार के सामने धक्का देकर उतारा मौत के घाट; पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
Bijnor News: बिजनौर में नेपाली ठेकेदार की लूटपाट के बाद तेज रफ्तार कार के आगे धक्का देकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

बिजनौर में हत्यारोपितों के बारे में जानकारी देते एसपी। जागरण
HighLights
बिजनौर पुलिस ने नेपाल और उत्तराखंड के तीन आरोपित पकड़े।
आरोपियों से 78 हजार रुपये और मृतक का सामान बरामद।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। पड़ोसी देश नेपाल के एक श्रमिक ठेकेदार की कार के आगे धक्का देकर हत्या कर दी गई। आरोपितों ने हत्या के बाद 1.55 लाख रुपये और सामान लूट लिया था।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए नेपाल के दो और नैनीताल के एक आरोपित को गिरफ्तार कर 78 हजार नगदी और सामान बरामद कर लिया है। आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर नजीबाबाद क्षेत्र में सरवनपुर नहर के पास 25 अगस्त को एक व्यक्ति का रक्तरंजित अवस्था में मिला था। अस्पताल ले जाते समय घायल की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान न होने पर 28 अगस्त को पुलिस गंगा बैराज घाट पर शव का लावारिस में अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रही थी।
इसी बीच नेपाल के जिला कालिकोट थाना मान्ना के गांव सिकु निवासी अमित ने नजीबाबाद कोतवाली पहुंचकर मृतक की पहचान अपने पिता अशंक बहादुर शाही के रूप में की। पुलिस तत्काल स्वजन को लेकर गंगा बैराज घाट पर पहुंची और शव की ठीक से पहचान कराई। पहचान के बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतक के बेटे ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने हत्या में शामिल नेपाल जिला कैलाली के गांव चौमला निवासी कमल सिंह व जिला बांके के गांव कौशल्यानगर निवासी करण सिंह और उत्तराखंड के जिला नैनीताल के नवारखेड़ा निवासी शेर बहादुर को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि अशंक बहादुर शाही श्रमिकों की ठेकेदारी का काम उत्तराखंड व अन्य जगह करता था। अशंक बहादुर शाही 24 अगस्त की शाम को कोटद्वार से 1.55 लाख रुपये लेकर नेपाल जा रहा था। कोटद्वार में ही पहले से जान-पहचान वाले तीन आरोपित अशंक को मिल गए। चारों बस से नजीबाबाद आ गए। नजीबाबाद में सुनारोवाली में स्थित ठेके पर शराब पी।
ज्यादा नशे में होने पर आरोपित युवक अशंक को घटनास्थल पर सरवनपुर नहर के पास ले गए। गुनियापुर के पास एक ठेके शराब लेकर फिर से पी। आरोपितों ने अशंक की जेब से 1.55 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर रात साढ़े तीन बजे अशंक को सड़क पर आती तेज रफ्तार कार के सामने धक्का दे दिया। उपचार के दौरान अशंक ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपित हिमाचल के मनाली भाग गए। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित का हत्या को हादसा दिखाने का इरादा था। आरोपितों के पास 78 हजार रुपये कपड़े, आधार कार्ड और मृतक के कपड़े बरामद किए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।