सिचाई विभाग के खंडहर में हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी
जेएनएन बिजनौर। नगीना देहात पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 21 बने-अधबने
जेएनएन, बिजनौर। नगीना देहात पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 21 बने-अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जनपद में अवैध शस्त्रों का निर्माण और खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ा हुआ है। एसपी ग्रामीण और सीओ नगीना के निर्देशन में नगीना देहात पुलिस ने सूचना पर गांव परमावाला जाने वाली नहर पटरी पर स्थित नीले डैम के पास सिचाई विभाग के बंद पड़े खंडहर में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चलती पकड़ी। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री चला रहे दो आरोपितों नजीबाबाद के मोहल्ला जाब्तागंज निवासी शहजाद उर्फ मैगी और शहजाद को गिरफ्तार किया। शस्त्र बनाने की अवैध फैक्ट्री से 12 बोर की एक बंदूक, 315 बोर के चार तमंचे के साथ-साथ छह अधबने तमंचे, 315 बोर के तीन कारतूस, एक खोखा, 12 बोर का एक कारतूस, एक खोखा, लोहे की छोटी-बड़ी 10 नाल और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ धारा 5/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। दबिश देकर आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में नगीना देहात थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, एसआइ अजेंद्र कुमार, रामवीर सिंह सहित कई सिपाही शामिल रहे। वहीं, पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि वह काफी समय से अवैध शस्त्र बनाकर उन्हें बेचने का धंधा कर रहे हैं। पंचायत चुनाव के कारण शस्त्रों की डिमांड बढ़ गई है। खरीदारों से मोटी रकम लेकर अवैध रूप से बनाए गए शस्त्र कहां-कहां बेचे गए हैं, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि शस्त्र बनाने की अवैध फैक्ट्री चलाने वाले दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं में नजीबाबाद और कोटद्वार थानों में मुकदमे दर्ज हैं। शहजाद पुत्र यूसुफ के खिलाफ गैंगस्टर लगी हुई है।