उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा: कपिलदेव
व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास स्वतंत्र प्रभार एवं जिला प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस पार्टी समेत कुछ दल अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उपद्रव की साजिश के पीछे चंद लोग हैं उन्ही के उकसावे में आकर लोगों ने बवाल किया। मंत्री ने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले चाहे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बिजनौर, जेएनएन। व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास स्वतंत्र प्रभार एवं जिला प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस पार्टी समेत कुछ दल अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उपद्रव की साजिश के पीछे चंद लोग हैं, उन्ही के उकसावे में आकर लोगों ने बवाल किया। मंत्री ने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले चाहे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गुरुवार दोपहर पीडब्लूडी डाक बंगले पर पत्रकारों से बातचीत में प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में शांति है। यहां तक कि मुस्लिम देशों में भी प्रधानमंत्री की स्वीकार्यता बढ़ी है। कुछ लोगों को लगा कि मोदी दुनिया के सबसे बड़े नेता न बन जाएं, इसलिए नागरिकता संशोधन कानून के नाम पर लोगों को उकसाना शुरू कर दिया। अफवाह फैला दी कि उनकी नागरिकता छीनी जा रही है। इसके पीछे भी बड़ी साजिश है।
कपिलदेव ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा में दिन-रात लगी रहती है। पुलिस पर कोई गोली चलाएगा तो इसका जवाब दिया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विधेयक के खिलाफ लोकसभा एवं राज्यसभा में कांग्रेस व उसके साथी दलों के विरोध के बाद भी कुछ नहीं हुआ, तो उन्होंने उपद्रव कराया।
अब उपद्रव करने वालों के घर जाकर कांग्रेस समेत कुछ पार्टियां उन्हें संरक्षण दे रही हैं। जनता को ऐसे लोगों का बहिष्कार करना चाहिए। पुलिस-प्रशासन के पास हंगामे के इनपुट पहले से थे, इसलिए समय रहते बवाल को काबू कर लिया गया। बवाल में हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। किसी की गाड़ी तोड़ने वाला भी अपनी गाड़ी से नहीं चल पाएगा।
कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश पर वह नहटौर में घायल ओमराज सैनी से मिलकर आए हैं। उस परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी। मेरठ में भर्ती ओमराज सैनी से भी मिलेंगे। नहटौर में गोली लगने से मारे गए दोनों लोगों के घर नहीं जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे उपद्रवी थे, उनके घर जाने का कोई मतलब नहीं बनता है। इस दौरान विधायक ओमकुमार, पूर्व सांसद यशवंत सिंह, ऐश्वर्य चौधरी, डॉ नवनीत गर्ग, विकास अग्रवाल, संजीव गुप्ता, धीर सिंह, मानव सचदेवा, आशीष अग्रवाल, विजयदीप चौधरी, सतवीर त्यागी आदि मौजूद रहे।