दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या
खतापुर गांव मार्ग पर शनिवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने दूध विक्रेता की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी पत्नी ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया है।
जेएनएन, बिजनौर। खतापुर गांव मार्ग पर शनिवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने दूध विक्रेता की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी पत्नी ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया है।
हल्दौर थाना क्षेत्र के खतापुर गांव निवासी 35 वर्षीय राजवीर पाल उर्फ ब्रह्म सिंह पुत्र दलीप सिंह दूध बेचने का काम करता था। शनिवार सुबह करीब छह बजे वह बाइक से दूध लेने मुकरपुर गदाई गांव जा रहा था। आठ बजे खतापुर गांव से 800 मीटर दूर ग्राम देवता के सामने राजवीर का शव पड़ा मिला। स्वजन ग्राम प्रधान केहर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास ही उसकी बाइक खड़ी थी। राजवीर के सिर में पीछे से गोली मारी गई थी। इस कारण गोली एक आंख से पार हो गई। पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह, एसपी सिटी प्रवीण रंजन व सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता मौके पर पहुंचे। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौका मुआयना किया। पत्नी राजो ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। राजवीर अपने पिता की इकलौती संतान था। परिवार में पत्नी राजो के अलावा 14 वर्षीय बेटा मनीष और 10 वर्षीय बेटी मनीषा हैं। पुलिस हत्या के पीछे किसी करीबी का हाथ मान रही है। प्रेम संबंध पर टिकी हत्याकांड की जांच
राजवीर हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग मिला है। जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध वजह सामने आ रही है। पड़ोसी गांव से हत्या के तार जुड़ते नजर आ रहे है। पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित कर लिया है। जल्द ही वारदात का राजफाश होने की संभावना है। एसपी सिटी प्रवीण रंजन ने बताया कि कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उस पर काम किया जा रहा है। मोबाइल में छिपा है अहम राज
आरोपित हत्या के बाद मृतक का मोबाइल भी ले गए हैं। शायद, मोबाइल में कोई राज छिपा है। वह सबूत मिटाना चाहते थे। शंका है कि मोबाइल में कोई गहरा राज छिपा है। पुलिस मोबाइल की सीडीआर खंगाल रही है। पुलिस ने पड़ोसी गांव में दबिश दी है। वहां प्रतिदिन राजवीर दूध लेने जाता था। इनका कहना है..
हत्या के पीछे कोई परिचित है। आशंका है कि राजवीर से बातचीत के दौरान गोली मारी गई है। वारदात के राजफाश के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
-डा. धर्मवीर सिंह, एसपी।