मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए बिजनौर में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू, पहली बार हुए तीन बैनामे
मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए बिजनौर में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में पपावर खुर्द गांव के तीन किसानों ने यूपीडा के पक्ष में अपनी भूमि के बैनामे किए।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ग्राम पपावर खुर्द के तीन काश्तकारों ने स्टांप कार्यालय में पहुंकर कराए बैनामे।
डीएम जोगिंदर सिंह सहित अधिकारियों ने किया स्वागत, सहयोग की सराहना की।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई। गुरुवार को जनपद में भूमि क्रय की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
तहसील बिजनौर के ग्राम पपावर खुर्द के तीन किसानों ने आपसी सहमति के आधार पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वेज़ औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के पक्ष में अपनी भूमि के बैनामे किए। इस दौरान अधिकारियों के साथ मौजूद डीएम जोगिंदर सिंह ने किसान का स्वागत करने के साथ उत्सावर्धन भी किया।
गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) के निर्माण के लिए अब भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जनपद में शुरू कर दी गई है। एक्सप्रेसव के लिए बिजनौर के साथ नगीना और चांदपुर के 109 गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। तमाम प्रक्रिया पूर्ण कर अब भूमि का अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है।
गुरुवार को तहसील बिजनौर के ग्राम पपावर खुर्द निवासी किसान योगेन्द्र सिंह पुत्र गोपी सिंह, विकास पुत्र कमेन्द्र और सुरेन्द्र पुत्र गोपी सिंह शामिल हैं। प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग करने और परियोजना को गति देने के लिए डीएम जोगिंदर सिंह द्वारा तीनों किसानों को सम्मानित किया गया।
जनपद में 147 किलोमीटर लंबी मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना क्षेत्र के अंतर्गत बिजनौर के कुल 109 ग्राम सम्मलित हैं। जिनमें तहसील बिजनौर के 62 ग्राम, तहसील चांदपुर के 34 ग्राम तथा तहसील नजीबाबाद के 13 ग्राम शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ रणविजय सिंह, एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित, एडीएम वित्त देवेंद्र पाल सिंह, एडीएम न्यायिक शरद पाल सिंह, एआईजी स्टांप तेज सिंह आदि प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।