विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जी राम जी योजना में कार्य प्रभावित, रोजगार सेवकों की हड़ताल के कारण बिजनौर में पहले दिन सिर्फ 761 रोजगार दिवस सृजित

By Ajeet Chaudhary Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 23 Nov 2026 06:21 PM (IST)

मनरेगा तकनीकी सहायकों की हड़ताल के कारण बिजनौर में विकसित भारत जी राम जी योजना का विशेष रोजगार सृजन कार्यक्रम प्रभावित हुआ। पहले दिन केवल 761 रोजगार दिवस सृजित हुए।

बिजनौर में एक गांव में विकसित भारत जी राम जी योजना में काम करते श्रमिक। सौ. विभाग।

बिजनौर में एक गांव में विकसित भारत जी राम जी योजना में काम करते श्रमिक। सौ. विभाग।

HighLights

  1. मनरेगा कार्मिकों ने रूका मानदेय दिलाने की मांग की।

  2. मनरेगा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। 

जागरण संवाददाता, बिजनौर। विकसित भारत जी राम जी योजना में चलाया गया विशेष रोजगार सृजन कार्यक्रम पहले दिन मनरेगा के तकनीकी सहायकों की हड़ताल की भेंट चढ़ गया। तकनीकी सहायकों व अन्य कार्मिकों के हड़ताल पर होने के कारण पहले दिन केवल 761 रोजगार दिवस ही सृजित हुए। मनरेगा कार्मिकों ने उनका रूका मानदेय दिलाने की मांग की है।

गांवों में रोजगार देने के लिए चल रही विकसित भारत जी राम जी योजना में 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सृजन कार्यक्रम चल रहा है। इसके अंतर्गत आठ दिन में सवा छह लाख से अधिक रोजगार दिवस सृजित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यस्थल आदि पहले ही चिन्हित कर लिए गए थे, लेकिन सोमवार को तकनीकी सहायकों व अन्य कार्मिक हड़ताल पर चले गए। वे समय पर मानदेय दिलाने सहित अनेक मांग कर रहे हैं।

मनरेगा इंजीनियर्स एसोसिएशन अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, पुरुषोत्तम कुमार, सुशील कुमार आदि ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। इनकी हड़ताल के कारण 11 में से छह ब्लाक में काम ही नहीं हुआ। केवल पांच ब्लाक में काम हुआ। स्योहारा में 305, धामपुर में 305, हल्दौर में 346, किरतपुर में 30 और नजीबाबाद में 79 श्रमिकों को ही काम मिल पाया। कुल 761 रोजगार दिवस ही सृजित हुए। उपायुक्त श्रम रोजगार आरबी यादव ने बताया कि मनरेगा कार्मिक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए। इस कारण योजना में काम प्रभावित हुआ है। एक दो दिन में स्थिति सुधर जाएगी। श्रमिकों को भरपूर काम दिया जाएगा।

मानदेय वृद्धि व अन्य मांगों के लिए रोजगार सेवकों में दिया धरना

धामपुर : ब्लाक परिसर में सोमवार को ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष माेर्चा के तहत रोजगार सेवकों ने एक दिवसीय धरना दिया। जिसमें मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा मांगों को लेकर बीडीओ के नाम ज्ञापन भी सौंपा। रोजगार सेवकों ने रोजगार सृजन सप्ताह के कार्य का बहिष्कार व आगामी तीन दिसंबर को लखनऊ में विधान सभा घेराव की चेतावनी भी दी। संघर्ष माेर्चा के ब्लाक अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार आदि के साथ रोजगार सेवकों ने धरना दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।