मौत के बाद भी समाज के काम आएंगे महाराज सिंह, फॉर्म भरकर बिजनौर मेडिकल कॉलेज को देहदान का लिया संकल्प
Bijnor News: 70 वर्षीय महाराज सिंह ने बिजनौर मेडिकल कॉलेज को मरणोपरांत देहदान का संकल्प लिया है। यह पहल एमबीबीएस छात्रों की पढ़ाई और चिकित्सा अनुसंधान में सहायक होगी।

मृत्योपरांत अपना शरीर मेडिकल कालेज को दान करने के लिए प्राचार्य को शपथ पत्र देते महराज सिंह।सौ. मेडिकल प्रशासन
HighLights
महाराज सिंह ने बिजनौर मेडिकल कॉलेज को मरणोपरांत देहदान का संकल्प लिया।
यह पहल एमबीबीएस छात्रों की शिक्षा और चिकित्सा अनुसंधान में सहायक होगी।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बिजनौर के शरीर संरचना विज्ञान (एनाटामी) विभाग को शुक्रवार को देहदान को लेकर एक सफलता मिली। गांव शादीपुर निवासी 70 वर्षीय महाराज सिंह ने मृत्योपरांत अपना शरीर मेडिकल कालेज को दान करने के लिए निर्धारित फार्म भरकर शपथ पत्र प्राचार्य को सौंपा। प्रशासन ने उनका आभार जताया।
मेडिकल काॅलेज की प्राचार्य डाॅ. ललिता चौधरी का कहना है कि कालेज प्रशासन बार-बार देहदान की अपील कर रहा है। मेडिकल काॅलेज को करीब पांच शवों की आवश्यकता है। मेडिकल प्रशासन जिलाधिकारी को पत्र लिखकर रिसर्च के लिए शव दिलवाने का पूर्व में आग्रह कर चुका हैं।
महाराज सिंह की ओर से मृत्योपरांत देहदान करने का शपथ पत्र देने से राह आसान हुई है। इसका मुख्य उद्देश्य मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस के छात्रों के पठन-पाठन (शिक्षण) और चिकित्सा अनुसंधान (रिसर्च) कार्यों में सहायता प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि मृत्योपरांत वे अपना शरीर चिकित्सा महाविद्यालय बिजनौर को सौंपने का निर्णय ले चुके हैं, ताकि समाज और भावी चिकित्सकों के हित में इसका उपयोग हो सके। चिकित्सकों ने की इस पहल की सराहना और साथ ही जनमानस से इस तरह के पुण्य कृत्य की अपील भी की है । इस दौरान डाॅ. विदित दीक्षित, डाॅ. सतेंद्र कुमार शर्मा डाॅ. आलोक त्रिपाठी मौजूद रहे।
मेडिकल कालेज को मिली चुकी है तीन देह
एमबीबीएस छात्रों की पढ़ाई के लिए इस समय मेडिकल कालेज के पास तीन देह हैं। दो डेरा सच्चा सौदा आश्रम और एक बुलंदशहर से मिली है। लेकिन अभी तक और भी देह की आवश्यकता है। एक देह दस साल तक रिसर्च के तौर पर काम आती है।
इन्होंने कहा
आम जनमानस से अपील है कि वे भी ऐसे पुण्य दान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। जिससे मेडिकल कालेज की शिक्षण व्यवस्था और रिसर्च कार्यों को और अधिक बढ़ावा मिल सके। मेडिकल कालेज हमेशा महाराज सिंह का आभारी रहेगा।
डाॅ. ललिता चौधरी, प्राचार्य, मेडिकल काॅलेज