बिजनौर में गुलदार ने एक और बच्चे को मार डाला, आंगन में सो रहे दो साल के मासूम को उठा ले गया
बिजनौर के मुस्सेपुर पाली गांव में एक गुलदार आंगन में सो रहे दो वर्षीय बच्चे मोहित को उठा ले गया ...और पढ़ें

मोहित का फाइल फोटो और विलाप करती उसकी मां।
संवाद सूत्र, नहटौर (बिजनौर)। जिले में गुलदार के हमले में एक और बच्चे की मौत हो गई। नहटौर क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर पाली में गुलदार (Leopard) शनिवार तड़के घर के आंगन में सो रहे दो वर्षीय बच्चे को उठा ले गया और उसे मार डाला।
कुछ समय बाद ग्रामीणों ने गांव के रास्ते के पास शव पड़ा देखा। जिससे परिवार में कोहराम मच गया, सूचना पर कोतवाली पुलिस, वन क्षेत्रधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गांव मुस्सेपुर पाली निवासी राजवीर सिंह का दो वर्षीय पुत्र मोहित रात में घर के आंगन में मां के पास सो रहा था। राजवीर का घर खुला हुआ है, परिवार आंगन में ही सो रहा था। बताया गया है कि चाहरदिवारी भी की ऊंचाई अधिक नहीं है। तड़के किसी समय गुलदार घर में घुस आया और बच्चे को उठाकर घर से कुछ दूरी पर ले गया और बच्चे को मार डाला।
तड़के करीब 5 बजे उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर मासूम के शव पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तत्काल स्वजन को सूचना दी, घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाल किशन अवतार सिंह, धामपुर वन रेंजर आशीष चंद जोशी, डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह व विजय भारत सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें- बिजनौर में गुलदार ने सात साल के बच्चे को मार डाला, रातभर खोजते रहे स्वजन; सुबह खेत में मिला शव
अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग ने गुलदार की तलाश के लिए टीम भी बुलाई। टीम ने ड्रोन के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में गुलदार की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुलदार को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा भी लगाया गया है।
वन रेंजर आशीष चंद जोशी ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है और वन विभाग की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है।
