300 बार कहने पर भी नहीं हुआ मेरा तलाक : कल्बे सादिक
शिया धर्मगुरु व ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना डॉ. कल्बे सादिक ने कहा कि उनका तो 300 बार कहने पर भी तलाक नहीं हुआ।
बिजनौर (जेएऩएऩ)। शिया धर्मगुरु व ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना डॉ. कल्बे सादिक ने तीन तलाक पर कहा कि उनका तो 300 बार कहने पर भी तलाक नहीं हुआ। राम मंदिर मुद्दे पर कहा कि जिन्हें मंदिर बनाना है, उन्हें मंदिर बनाने दें। मुसलमान बदले में मस्जिद न बनाएं, बल्कि देश बनना चाहिए। किसी भी सूरत में इस समस्या का समाधान होना चाहिए। मौलाना ने कश्मीर में पत्थरबाजी के मुद्दे पर भी अपनी बेबाक राय दी।
हजरत अली के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मौलाना कल्बे सादिक ने पत्रकारों से से कहा कि मंदिर-मस्जिद कोई मसला नहीं है। दुनिया में जितनी भी बड़ी मस्जिदें हैं वो वलियों या सूफी-संतों ने नहीं बनाई। उन्हें डिक्टेटर्स ने अपने अपराध को छिपाने के लिए बनाया। धर्म मस्जिदों को नहीं बल्कि इंसानों को शानदार देखना चाहता है।
तीन तलाक पर कहा कि शिया मुस्लिमों में निकाह आसान है तलाक बहुत मुश्किल। कभी किसी शिया लड़की को कोर्ट में नहीं देखा होगा। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड इस मामले पर नजर रखे हुए है। कोलकाता की बैठक में बोर्ड ने सरकार से आग्रह किया है कि खुद साल-डेढ़ साल में इस बुराई को खत्म कर देंगे, लेकिन सरकार इसमें हस्तक्षेप न करे।
दुनिया में खून बहाने के पीछे अमेरिका
सीरिया में बमबारी पर कहा कि दुनिया में जहां भी खून बहा है, उसके पीछे अमेरिका का हाथ रहा है। अमेरिका को इसका खामियाजा भुगतान पड़ेगा। कश्मीर में पत्थरबाजी के सवाल पर कश्मीरी युवाओं को कहा कि वह वही गलती कर रहे हैं जो 1947 में मुसलमानों ने की थी। आंखें खोलिए और अक्ल से काम लीजिए। जिस तरफ उनका झुकाव है वो खुद एक डूबता हुआ जहाज है। आज पाकिस्तान खुद टुकड़े-टुकड़े होने वाला है।
गोहत्या कानून का स्वागत
गोहत्या पर उन्होंने कहा कि यदि सरकार पूरे देश में गोहत्या रोकने के लिए कानून बनाना चाहती है तो स्वागत है। आजम खां के गाय वापस करने के सवाल पर कहा कि वह जहां तक जानते हैं, अब तक आजम खां के मस्तिष्क से कोई अच्छी बात नहीं निकली। प्रदेश सरकार के कार्यों पर उन्होंने कहा कि वह किसी इंसान के नहीं बल्कि सिद्धांत के साथ हैं। सरकार के सिद्धांत भ्रष्टाचार, गरीबी और अज्ञानता को मिटाने के हैं तो उसके साथ हैं।