Haridwar-Kashipur Highway: 6 माह बाद धामपुर में हाईवे चौड़ीकरण का कार्य फिर शुरू, लोगों को मिलेगी राहत
बिजनौर के धामपुर में हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे का चौड़ीकरण कार्य छह माह बाद फिर शुरू हो गया है। इससे आम जनता को राहत मिलेगी और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है।

HighLights
पहले बरसात और फिर त्योहारों के चलते कार्य नहीं हो सका था शुरू।
निर्माण के चलते दुकानों के सामने स्थान गहरा होने से दुकानदारों को थोड़ी समस्या।
संवाद सहयोगी, धामपुर (बिजनौर)। धामपुर नगर के बीच से गुजर रहे हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईवे का चौड़ीकरण का कार्य कई माह से रुका हुआ था।
पहले बरसात और फिर त्योहारों के चलते यह कार्य नहीं हो सकता था, अब करीब छह माह बाद दूसरी ओर का चौड़ीकरण कार्य शुरू करा दिया गया है। इससे पहले दुर्गा विहार से नगीना चौक और आरएसएम तिराहा के पास डिवाइडर बनाने का कार्य हुआ था।
धामपुर में शेरकोट रोड पर गांव सुहागपुर के पास से नगीना रोड पर दुर्गा विहार कालोनी तक करीब चार किलोमीटर में चौड़ीकरण कार्य होना है। हालांकि करीब डेढ़ वर्ष पहले इसकी शुरुआत हाे गई थी, लेकिन पिछले वर्ष बाढ़ के कारण हाईवे पर पानी आने से कार्य रुक गया था।
इस वर्ष की शुरुआत में लोक निर्माण विभाग ने रोड के एक ओर का चौड़ीकरण कर दिया था, लेकिन मानसून और बाद में त्योहारों के चलते यह कार्य रुक गया था। हालांकि बीच में डिवाइडर बनाने का कार्य भी हुआ था, लेकिन अभी यह कुछ स्थानों पर अधूरा है। अब फिर से करीब छह माह बाद कार्य शुरू कराया गया है।
नगीना चौराहा से बाईं ओर चौड़ीकरण किया जा रहा है। गुरुवार रात शेरकोट रोड पर इंदिरा नगर के पास खोदाई की गई। जिसके बाद इसमें भराव के लिए रोड किनारे पत्थर डाले गए हैं। अत्यधिक व्यस्त मार्ग होने के चलते रात में ही यहां कार्य कराया जा रहा है।
हाईवे के चौड़ीकरण होने व डिवाइडर बनने आम जनता को राहत मिलेगी, वहीं आमने-सामने की टक्कर से हाेने वाले हादसों में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि अभी निर्माण कार्य के चलते दुकानों के सामने स्थान गहरा होने से उन्हें कुछ समस्या हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।