Ganga Fair! गंगा किनारे कल्पवास के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालु... युवक-युवतियों के रिश्ते भी तय होते हैं यहां
बिजनौर के विदुरकुटी में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला शुरू हो गया है, जहाँ हजारों श्रद्धालु कल्पवास के लिए पहुँचे हैं। इस मेले में गंगा स्नान, मनोरंजन के साथ-साथ युवक-युवतियों के रिश्ते भी तय होते हैं।

मेला स्थल पर लगे विभिन्न विभागों के शिविर। जागरण
HighLights
हजारों श्रद्धालु कल्पवास और गंगा स्नान के लिए विदुरकुटी पहुँचे।
कार्तिक पूर्णिमा मेले में युवक-युवतियों के रिश्ते भी तय होते हैं।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल तैनात किया गया।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। विदुरकुटी में गंगा के पावन तट पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला शुरू हो गया है। हजारों लोग अब तक गंगा किनारे कल्पवास के लिए पहुंच गए हैं। बुजुर्गों की मानें, तो इस मेले में युवक-युवतियों के रिश्ते भी तय होते हैं। वहीं, किसान इस मेले में मनोरंजन और गंगा स्नान के लिए आते हैं। उधर, मेले में मुख्य चौराहों पर देवी-देवताओं की मूर्तियां लगाई गई हैं। प्रमुख स्थलों पर रंगोली बनाई जा रही हैं।
देवउठनी एकादशी पर उद्घाटन के बाद विदुरकुटी में गंगा के तट पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में श्रद्धालु अपनी-अपनी बुग्गियों, ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य वाहनों के माध्यम से मेले में पहुंचने शुरू हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में मेला क्षेत्र में 25 हजार श्रद्धालु पहुंच गए, जबकि श्रद्धालुओं का मेले में पहुंचने का सिलिसला चल रहा है। शनिवार को दिन में युवा श्रद्धालुओं ने मेला क्षेत्र में कबड्डी खेली और गंगा में स्नान किया, जबकि महिलाओं ने मीना बाजार का जायजा लिया। वहीं छोटे बच्चों ने झूला झूलकर मनोरंजन किया। इसके अलावा बुजुर्गों और परिवार के मुखिया अपने-अपने परिचितों के परिवारों में रिश्ते तय करने में जुट गए।
मेले में बनाए गए सेल्फी पाइंट
विदुरकुटी घाट पर आयोजित गंगा स्नान मेले में बनाए गए सेल्फी पाइंट और चौराहों पर लगी देवी-देवताओं की मूर्तियों लगाई गई। इसके अलावा मुख्य द्वार समेत कई स्थानों पर रंंगाेली बनी हुई थी। इन पाइंट पर श्रद्धालु सेल्फी लेते दिखाई दिए। वहीं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए मुख्य चौराहों और वाच टावराें पर सेक्टर रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मेले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी डेरा डाले हुए हैं।