विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे लिंक: ब‍िजनौर में भूमि अधिग्रहण तेज, यूपीडा ने अवमुक्त किया 21 सौ करोड़ रुपये का बजट

By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 26 Nov 2026 06:40 AM (IST)

Ganga Expressway: जनपद बिजनौर में गंगा एक्सप्रेसवे लिंक के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है। कुल 1,058.4 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी।

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. बिजनौर के साथ चांदपुर और नजीबाबाद तहसील में अभी तक हुए भूमि के 19 बैनामे।

  2. यूपीडा ने गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण काे बजट अवमुक्त किया।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। जनपद की धरती पर गंगा एक्सप्रेसवे लिंक के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। अब एक्सप्रेसवे के लिए जनपद की तीन तहसील बिजनौर, चांदपुर और नजीबाबाद में जरूरी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और 19 किसानों ने उपनिबंधक कार्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के पक्ष में बैनामा भी करा दिया है। एक्सप्रेसवे के लिए जनपद में कुल 1,058.4 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।

जनपद को सीधे प्रयागराज और हरिद्वार से जोड़ने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे लिंक का निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गंगा के पास बनने वाले लिंक के लिए सभी जरूरी प्रक्रिया पूर्ण कर भूमि अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है। बुधवार तक बिजनौर उपनिबंधक कार्यालय में नौ किसानों ने खुद पहुंचकर बैनामे की प्रक्रिया पूर्ण कराई है।

ऐसे ही नजीबाबाद में चार और चांदपुर में छह किसानों ने अपनी भूमि का खुशी-खुशी एक्सप्रेसवे लिंक के लिए बैनामा कराया है। उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे किसानों का अधिकारियों ने स्वागत किया और अन्य किसानों को भी बैनामा कराने के लिए प्रेरित किया है। एआईजी स्टांप तेज सिंह ने बताया कि जनपद की तीनों तहसीलों में एक्सप्रेसवे लिंक के लिए जरूरी भूमि के बैनामों की प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई है।

बिजनौर तहसील क्षेत्र में होगा अधिक भूमि का अधिग्रहण

जनपद में एक्सप्रेसवे लिंक के लिए कुल 1,058.4 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें सबसे अधिक भूमि बिजनौर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत है। यहां कुल 64 गांवों में 728 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। ऐसे ही चांदपुर में 34 गांवों की 335 हेक्टेयर और नजीबाबाद के कुल 11 गांवों में 106 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। जनपद में एक्सप्रेसवे की कुल लंबाइ 147 किमी होगी। उधर, भूमि अधिग्रहण के लिए पहले ही यूपीडा ने गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण काे 21 सौ करोड़ का बजट अवमुक्त किया है।

गंगा एक्सप्रेसवे लिंक के लिए जनपद में भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्धारित समय सीमा में अधिग्रहण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। एक्सप्रेसवे के लिए किसान भी पूरा सहयोग कर रहे हैं।
-जोगिंदर सिंह, डीएम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।