Ganga Expressway: भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई जल्द ही; बिजनौर के 107 गांव किए गए चयनित, 21 सौ करोड़ अवमुक्त
यूपीडा ने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए बिजनौर के 107 गांवों में भूमि अधिग्रहण हेतु 2100 करोड़ रुपये का बजट जारी ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे। सांकेतिक फोटो
HighLights
अमरोहा से वाया बिजनौर हरिद्वार तक बनेगा एक्सप्रेसवे
जनपद की तीन तहसीलों के 107 गांव है चयनित किए
जागरण संवाददाता, बिजनौर। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथारिटी (यूपीडा) ने गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए 21 सौ करोड़ का बजट अवमुक्त किया है। जल्द ही बिजनौर, चांदपुर और नजीबाबाद में चयनित 107 गांवों में भूमि अधिग्रहण का काम शुरू हो जाएगा। अमरोहा से वाया बिजनौर से हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। अब बजट आवंटन होने के बाद तेजी से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के बाद जनपद में चहुंमुखी विकास होगा और आसपास के कई राज्यों के लिए आवाजाही भी आसान होगी।
यूपीडा ने अमरोहा से बिजनौर होते हुए हरिद्वार के लिए गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए बिजनौर तहसील के 64, चांदपुर तहसील के 34 और नजीबाबाद तहसील के 11 गांवों का चयन किया था। संबंधित तहसीलों ने इन सभी गांवों में आधार वर्ष 1359 फसली के अनुसार कृषि के मालिकाना हक और, सरकारी भूमि का सत्यापन कर रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए यूपीडा को भेज दी।
यूपीडा ने सत्यापन के बाद इन गांवों में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया। वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद यूपीडा ने जनपद में चयनित गांवों में भूमि अधिग्रहण के लिए 21 सौ करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। अब बजट आवंटन होने के बाद तेजी से जनपद में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उधर, प्रशासनिक स्तर पर भूमि के अधिग्रहण के लिए नोडल अधिकारियों को नामित किया जाएगा।
छाछरी मोड़ से विदुरकुटी तक बनेगी 11 किलोमीटर लंबी सड़क
गंगा एक्सप्रेसवे को विदुरकुटी से जोड़ने के लिए छाछरी मोड़ से सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क की लंबाई 11 किमी. होगी और छाछरी मोड़ से दारानगर गंज होते हुए विदुरकुटी तक पहुंचेगी। इस सड़क के निर्माण के बाद दारानगर गंज क्षेत्र के लोगों को हरिद्वार जाने के लिए बिजनौर नहीं आना पड़ेगा और एक्सप्रेसवे से वह सीधे उत्तराखंड के रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जा सकेंगे। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के बाद जनपद से उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की आवाजाही भी आसान होगी।
भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की जाएगी
यूपीडा ने गंगा एक्प्रेसवे के लिए जनपद बिजनौर में भूमि अधिग्रहण के लिए 21 सौ करोड़ रुपये का बजट अवमुक्त कर दिया है। जल्द ही जनपद में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की जाएगी।-शरद कुमार पाल, नोडल अधिकारी गंगा एक्सप्रेसवे एवं एडीएम न्यायिक बिजनौर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।