कप्तान के उत्पीड़न से नाराज महिला सिपाही ने इस्तीफे के साथ दी आत्मदाह की चेतावनी
उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिला सिपाही ने डीआइजी को त्याग-पत्र दे दिया और न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। उसके बगावती तेवर से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी है।
बिजनौर (जेएनएन)। बिजनौर के एक थाने में तैनात महिला सिपाही अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होते ही बागी हो गई। रविवार को उसने पत्रकारों के सामने पुलिस कप्तान की कार्यशैली पर ही सवालिया निशान लगा दिया। उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिला सिपाही ने डीआइजी को त्याग-पत्र दे दिया और न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। उसके बगावती तेवर से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी है।
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढऩे के लिये यहां क्लिक करें
यह था मामला
महिला सिपाही की शादी पिछली 13 फरवरी को बुलंदशहर के थाना भुवन के गांव भैंसाखुर निवासी विपिन से तय हुई थी। शादी से दस दिन पहले रिश्ता टूट गया। महिला सिपाही ने विपिन के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और दहेज उत्पीडऩ का मामला दर्ज करा दिया था। पुलिस ने विपिन को जेल भेज दिया था। विपिन दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में कोच हैं। रिश्ता टूटने के पीछे विपिन का स्टेडियम में तैयारी कर रही एथलीट युवती से प्रेम संबंध भी कारण बताया जा रहा था। हालांकि एथलीट से विपिन शादी करने का दावा करता रहा है। 1 जुलाई को एथलीट विपिन से मिलने बिजनौर जेल में आई थी।
उसी दिन महिला सिपाही व एथलीट के बीच जिला अस्पताल में मारपीट हो गई थी। मामले में महिला सिपाही ने एथलीट, विपिन के जीजा व भांजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एथलीट शुक्रवार को एसपी बिजनौर उमेश श्रीवास्तव से मिलीं। एसपी ने मामले की जांच कराई तो कहानी ही दूसरी मिली। आरोप लगाया था कि महिला सिपाही उसे परेशान कर रही है और खुद ही उसने मारपीट की थी। एथलीट का कहना है कि विपिन से वह शादी कर चुकी है।
इसके बाद एसपी ने महिला सिपाही को निलंबित कर दिया था। एथलीट की तहरीर पर महिला सिपाही के खिलाफ भी मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जिसके बाद महिला सिपाही ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है।
डीआइजी को सौंपा त्यागपत्र, आत्मदाह की धमकी
रविवार को पत्रकार वार्ता कर महिला सिपाही ने आरोप लगाया कि जानबूझ कर एसपी उसका उत्पीडऩ कर रहे हैं। एसपी आरोपी पक्ष से मिले हुए हैं। कप्तान दुष्कर्म का मुकदमा भी खत्म कराना चाहते हैं। महिला सिपाही ने कहा है कि अन्याय होगा तो वह आत्मदाह कर लेगी। दूसरी ओर एसपी बिजनौर का कहना है कि महिला सिपाही का आरोप निराधार हैं।